'बेटी घर में घुसने नहीं देती...', रवि शास्त्री भी निकले जूड बेलिंगहैम के जबरा फैन, स्टार फुटबॉलर से मिला स्पेशल गिफ्ट

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का इंग्लैंड में एक अलग अंदाज देखने को मिला. द हंड्रेड के मुकाबले के दौरान उन्होंने इंग्लिश फुटबॉल टीम और रियल मैड्रिड के स्टार जूड बेलिंगहैम का शानदार अंदाज में स्वागत किया. बेलिंगहैम ने हालिया फीफा वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था.

Advertisement
रवि शास्त्री ने की जूड बेलिंगहैम से मुलाकात. (Photo: X/@RaviShastriOfc) रवि शास्त्री ने की जूड बेलिंगहैम से मुलाकात. (Photo: X/@RaviShastriOfc)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • बर्मिघम,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:33 PM IST

क्रिकेट के मैदान पर अपनी दमदार कमेंट्री और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर रवि शास्त्री एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इंग्लैंड में खेले जा रहे द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान शनिवार (1 अगस्त) को रवि शास्त्री की मुलाकात रियल मैड्रिड और इंग्लिश फुटबॉल टीम के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम से हुई. बेलिंगहैम बर्मिंघम फीनिक्स के सह-मालिक भी हैं.

यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रही. टीम इंडिया के पूर्व कोच शास्त्री ने ना सिर्फ बेलिंगहैम की जमकर तारीफ की, बल्कि अपनी बेटी के लिए उनका ऑटोग्राफ भी लिया. बाद में उन्होंने जो मजाकिया टिप्पणी की, उसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया. बर्मिंघम फीनिक्स और वेल्श फायर के मुकाबले से पहले टॉस के लिए जूड बेलिंगहैम मैदान पर पहुंचे.

Advertisement

रवि शास्त्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में उनका परिचय कराया. शास्त्री ने कहा, 'ये बर्मिंघम के अपने सुपरस्टार हैं, गैलेक्टिको. शानदार वर्ल्ड कप खेलकर आए हैं. बर्मिंघम फीनिक्स के सह-मालिक. ये कोई और नहीं बल्कि जूड बेलिंगहैम हैं.' शास्त्री की दमदार आवाज और अंदाज ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का भी खूब मनोरंजन किया.

मुलाकात के दौरान जूड बेलिंगहैम ने रवि शास्त्री को अपनी साइन की हुई कैप दी. शास्त्री ने मुस्कुराते हुए कहा, 'यह ऑटोग्राफ मेरी बेटी के लिए है. अगर मैं यह लेकर घर नहीं जाता, तो वह मुझे घर में घुसने ही नहीं देती.' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. फैन्स ने शास्त्री के इस हल्के-फुल्के अंदाज की जमकर तारीफ की.

रवि शास्त्री ने अपने X अकाउंट पर बेलिंगहम के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'बर्मिंघम के अपने गैलेक्टिको से मिलना शानदार रहा. क्या खिलाड़ी है. क्या शानदार वर्ल्ड कप रहा. क्लास हर जगह दिखाई देती है. नए सीजन के लिए शुभकामनाएं.'

Advertisement

23 वर्षीय जूड बेलिंगहैम ने हाल ही में समाप्त हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 7 गोल किए और एक असिस्ट भी दर्ज किया. उनके प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहा.

हालांकि जूड बेलिंगहैम की मौजूदगी बर्मिंघम फीनिक्स को जीत नहीं दिला सकी. पहले बल्लेबाजी करते हुए फीनिक्स ने 137/9 का स्कोर बनाया. जवाब में वेल्श फायर ने जो रूट (नाबाद 58) और फिल साल्ट (46) की शानदार पारियों की मदद से चार गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया. मैच का नतीजा भले ही बर्मिंघम फीनिक्स के पक्ष में नहीं गया, लेकिन रवि शास्त्री और जूड बेलिंगहैम की मुलाकात पूरे मुकाबले का सबसे यादगार पल बन गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »