भारतीय टी20 टीम के लिए अपनी बल्लेबाजी से धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी पर लगातार दिग्गजों की नजरें बनी हुई है. बेहद कम उम्र में ही वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल से फैन्स को अपना दीवाना बना दिया है.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जब IPL के मैदान पर अपने बल्ले से तबाही मचाई थी तो पूरी दुनिया देखती रह गई थी. राजस्थान रॉयल्स के लिए पहली बार जब वैभव ने अपने बल्ले से छाप छोड़ी थी तो उस समय राजस्थान के कोच राहुल द्रविड़ सबसे खुश नजर आए थे.
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि वैभव की असली ताकत सिर्फ चौके-छक्के लगाने में सीमित नहीं रहनी चाहिए. द्रविड़ चाहते हैं कि वैभव भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में भी लंबी रेस का घोड़ा बने.
टेस्ट में होगी वैभव की असली परीक्षा
राजस्थान रॉयल्स में वैभव को करीब से देखने वाले राहुल द्रविड़ का साफ कहना है कि टी20 में धमाका करने के बाद अब वैभव के लिए सबसे बड़ी चुनौती लाल गेंद यानी टेस्ट क्रिकेट की होगी. वैभव जल्द ही दलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन की तरफ से खेलते नजर आएंगे. द्रविड़ का मानना है कि लंबे फॉर्मेट में टिककर खेलना किसी भी खिलाड़ी की असली काबिलियत को निखारता है.
द्रविड़ ने वैभव को लेकर की ये खास अपील
वैभव का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड अभी बहुत शुरुआती दौर में है. उन्होंने अब तक सिर्फ 8 मैच खेले हैं, जिनमें उनका औसत 17.25 का रहा है. साफ है कि उन्होंने सफेद गेंद से जितना खेला है, लाल गेंद से उतना अनुभव अभी हासिल नहीं किया है. इसी वजह से राहुल द्रविड़ ने फैन्स से थोड़ा सब्र रखने को कहा है. मीडिया से बात करते हुए द्रविड़ ने कहा कि वैभव अभी महज 15 साल के हैं. उनका करियर अभी शुरू हुआ है. जाहिर है वे उतार-चढ़ाव से गुजरेंगे. जब कोई खिलाड़ी इतनी छोटी उम्र में सुपरहिट होता है तो उम्मीदें बहुत बढ़ जाती हैं, लेकिन हमें उनके साथ धैर्य रखना होगा.
दलीप ट्रॉफी में वैभव पर रहेगी नजर
आज के समय में ज्यादातर युवा खिलाड़ी सिर्फ टी20 और फ्रेंचाइजी क्रिकेट की तरफ भाग रहे हैं. ऐसे में द्रविड़ का मानना है कि वैभव जैसे आक्रामक खिलाड़ियों का टेस्ट क्रिकेट में आना इस लंबे फॉर्मेट को और दिलचस्प बनाएगा. अगर वैभव रेड बॉल क्रिकेट में खुद को ढाल लेते हैं तो वे ऑल-फॉर्मेट प्लेयर बनकर भारतीय टीम का भविष्य और भी बेहतर कर सकते हैं. दलीप ट्रॉफी में एक बार फिर वैभव से फैन्स को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क