टीम इंडिया से 5 साल का वनवास, फिर भी नहीं टूटी आस... पृथ्वी शॉ ने अब भरी हुंकार!

पांच साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे पृथ्वी शॉ के मन में वापसी की उम्मीद अब भी कायम है. रणजी ट्रॉफी में सात पारियों में दो अर्धशतक लगाने वाले पृथ्वी ने कहा कि उनकी बल्लेबाजी में कोई समस्या नहीं है और उन्हें बस एक बड़ी पारी का इंतजार है. बंगाल के खिलाफ जीत के बाद उन्होंने मोहम्मद शमी की गेंदबाजी की भी जमकर तारीफ की.

Advertisement
रणजी ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ अर्धशतक पूरा करने के बाद जश्न मनाते महाराष्ट्र के कप्तान पृथ्वी शॉ. (Photo: PTI) रणजी ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ अर्धशतक पूरा करने के बाद जश्न मनाते महाराष्ट्र के कप्तान पृथ्वी शॉ. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • कोलकाता,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:39 PM IST

टीम इंडिया से बाहर हुए पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन पृथ्वी शॉ के मन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की उम्मीद अब भी जिंदा है. कभी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले इस ओपनर ने हार नहीं मानी है. हालांकि, वापसी के लिए उन्हें घरेलू क्रिकेट में बल्ले से दम दिखाना होगा. पृथ्वी का कहना है कि वह भविष्य की चिंता करने की बजाय वर्तमान पर ध्यान दे रहे हैं. उन्हें भरोसा है कि बस एक अच्छी पारी उनका रुख बदल सकती है.

Advertisement

26 साल के पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी में बंगाल के खिलाफ महाराष्ट्र की 10 विकेट से जीत के बाद टीम इंडिया में वापसी को लेकर अपनी सोच जाहिर की. उन्होंने माना कि भारतीय टीम में लौटने का विचार हमेशा उनके दिमाग में रहता है, लेकिन वह जरूरत से ज्यादा आगे की नहीं सोचते.

पृथ्वी ने कहा, 'दिमाग के किसी कोने में हमेशा यह विचार रहता है. लेकिन मैंने जितना अनुभव हासिल किया है, उसके आधार पर मुझे भविष्य के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचना चाहिए. जैसे अभी मैं आपको इंटरव्यू दे रहा हूं. इसके बाद अपने कमरे में जाऊंगा और फिर सोचूंगा कि आगे क्या करना है. मैं इससे ज्यादा आगे की नहीं सोचता. बस मैच जीतते रहना है, अच्छी ट्रेनिंग करनी है और अच्छा खाना खाना है.'

Advertisement

सात पारियों में दो अर्धशतक, बाकी में नहीं चला बल्ला

टीम इंडिया में वापसी का सपना पूरा करने के लिए पृथ्वी शॉ को घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने होंगे. इस रणजी ट्रॉफी सीजन में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. सात पारियों में वह सिर्फ दो अर्धशतक लगा सके हैं. दिल्ली के खिलाफ महाराष्ट्र के शुरुआती मुकाबले में उन्होंने 70 रनों की पारी खेली थी. इसके बाद उनकी पारियां 7, 21, 0, 17,  12 और 53*  रनों की रहीं.

हालांकि, पृथ्वी अपनी बल्लेबाजी को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं. उनका मानना है कि शुरुआत अच्छी हो रही है और उन्हें सिर्फ एक बड़ी पारी की जरूरत है.

उन्होंने कहा, 'मैचों में कुछ पारियां खराब जाती हैं और कुछ अच्छी होती हैं. आउट होने के बाद मैं ज्यादा तनाव नहीं लेता, क्योंकि कई बार अच्छी गेंद पर आउट होता हूं और कुछ मौकों पर अपने शॉट खेलते हुए विकेट गंवा देता हूं. मुझे लगता है कि इन पारियों में शुरुआत को लेकर कोई समस्या नहीं है. मेरी बल्लेबाजी अच्छी है और कुछ गलत नहीं हो रहा. यह बस एक पारी की बात है.'

मुंबई छोड़ महाराष्ट्र आए, नए माहौल में खुश

पृथ्वी शॉ ने पिछले सीजन में मुंबई का साथ छोड़कर महाराष्ट्र की टीम का दामन थामा था. नई टीम के साथ उनका अनुभव अब तक अच्छा रहा है. उनका कहना है कि मुंबई और पुणे के बीच ज्यादा दूरी नहीं है और महाराष्ट्र की टीम में भी उनके कई पुराने साथी मौजूद हैं.

Advertisement

पृथ्वी ने कहा, 'यह बहुत अच्छा दौर है. मुंबई और पुणे के बीच ज्यादा दूरी नहीं है. करीब डेढ़ से दो घंटे का अंतर है. मैं यहां कई खिलाड़ियों को जानता हूं. ऋतुराज गायकवाड़ और अंकित बावने जैसे खिलाड़ियों के साथ पहले भी खेल चुका हूं. कई खिलाड़ियों के साथ मेरा अच्छा तालमेल है. इसलिए मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि मैं बहुत दूर आ गया हूं. मैं यहां काफी सहज हूं और इस अनुभव का आनंद ले रहा हूं.'

शमी की रफ्तार के सामने बल्लेबाजी करना आसान नहीं

बंगाल के खिलाफ मुकाबले में अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की मौजूदगी भी पृथ्वी शॉ के लिए चुनौती थी. तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर शमी ने अपनी रफ्तार और अनुभव से बल्लेबाजों को परेशान किया. पृथ्वी ने भी माना कि ऐसी परिस्थितियों में शमी का सामना करना आसान नहीं होता.

उन्होंने कहा, 'शमी भाई अब भी उसी तरह गेंदबाजी कर रहे हैं, जैसे पहले करते थे. उनके गेंदबाजी करने के अंदाज में कोई बदलाव नहीं आया है. वह तेज गेंदबाजी कर रहे हैं. यह बात दिमाग में रहती है कि शमी भाई ने भारत के लिए इतना क्रिकेट खेला है और हमारे बल्लेबाज भी जानते हैं कि वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं. ऐसी परिस्थितियों और ऐसी पिच पर उनका सामना करना बेहद मुश्किल होता है.'

Advertisement

पृथ्वी ने आगे कहा कि शमी के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय उनके अनुभव और क्षमता को ध्यान में रखना पड़ता है. ऐसी पिच पर वह बंगाल के सबसे अहम गेंदबाज थे.

महाराष्ट्र ने 10 विकेट से दर्ज की जीत

बंगाल के खिलाफ इस मुकाबले में महाराष्ट्र की जीत में गेंदबाजों की भूमिका अहम रही. पृथ्वी के मुताबिक, पिच पर तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही थी और पहली पारी में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का था. लेकिन दूसरी पारी में बंगाल के 25 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद महाराष्ट्र को जीत का भरोसा हो गया.

पृथ्वी ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने पहली पारी में भी शानदार योगदान दिया. महाराष्ट्र ने बंगाल को 10 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »