Khushdil Shah, NZ vs PAK: न्यूजीलैंड से हार के बाद बवाल... फैन्स से भिड़ा पाकिस्तानी क्रिकेटर, बस मारपीट रह गई बाकी!

न्यूजीलैंड दौरे पर पाकिस्तान को टी20 और वनडे सीरीज में करारी हार का सामना करना पड़ा. हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेटर खुशदिल शाह अपना आपा खो बैठे. पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भी अच्छा नहीं रहा था और वो सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी.

Advertisement
Khushdil Shah (Photo-AP) Khushdil Shah (Photo-AP)

aajtak.in

  • माउंट माउंगानुई (न्यूजीलैंड),
  • 06 अप्रैल 2025,
  • अपडेटेड 1:31 PM IST

न्यूजीलैंड दौरे पर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. पाकिस्तानी टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज को 1-4 से गंवा दिया. फिर उसे तीन मैचों की वनडे सीरीज में 0-3 से करारी हार का सामना करना पड़ा था. न्यूजीलैंड-पाकिस्तान के बीच माउंट माउंगानुई में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले के बाद मैदान पर भी बवाल देखने को मिला.

Advertisement

पाकिस्तानी क्रिकेटर ने खोया आपा

पाकिस्तानी टीम की हार के बाद क्रिकेटर खुशदिल शाह अपना आपा खो बैठे. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खुशदिल बाउंड्री लाइन के पास फैन्स से भिड़ने की कोशिश कर रहे हैं. सुरक्षा गार्ड्स पाकिस्तानी क्रिकेटर को रोकते नजर आ रहे हैं. वो फैन आक्रामक तरीके से चिल्लाते हुए सुना जा सकता है. इसी वीडियो में एक सुरक्षा गार्ड एक प्रशंसक को घसीटते हुए मैदान से दूर ले जाते दिख रहा है. अच्छी बात ये रही कि सिक्योरिटी गार्ड्स ने मामले को संभाला, नहीं तो मारपीट की भी नौबत आ जाती. 

अब पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खुशदिल शाह का बचाव किया है. पीसीबी ने कहा कि दर्शकों के एक समूह की अपमानजनक टिप्पणियों के चलते खुशदिल शाह खफा हो गए. बोर्ड ने दावा किया कि स्टेडियम में कुछ अफगानी समर्थकों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए थे.

Advertisement

पीसीबी के बयान में कहा गया, 'पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट विदेशी दर्शकों की ओर से राष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रति अभद्र भाषा के प्रयोग की कड़ी निंदा करती है. मैच के दौरान विदेशी दर्शकों ने मैदान पर मौजूद क्रिकेटरों पर अनुचित टिप्पणियां कीं. जब पाकिस्तान विरोधी नारे लगे तो क्रिकेटर खुशदिल शाह ने हस्तक्षेप किया और दर्शकों से ऐसा न करने की अपील की.'

पीसीबी के बयान में आगे कहा गया, 'इसके जवाब में अफगानी दर्शकों ने पश्तो में अनुचित भाषा का इस्तेमाल करके स्थिति को और बिगाड़ दिया. पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद स्टेडियम के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और उपद्रवी दर्शकों को परिसर से बाहर निकाल दिया.'

बारिश एवं गीली आउटफील्ड के चलते न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए सीरीज के तीसरे वनडे मैच को  42-42 ओवर्स का कर दिया गया था. मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के सामने 265 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 40 ओवर में 221 रनों पर ढेर हो गई. पाकिस्तानी क्रिकेट टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है. पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भी अच्छा नहीं रहा था और वो सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई थी. अब न्यूजीलैंड दौरे पर भी उसकी फजीहत हो गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »