भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में लगातार दो हार झेलने वाली न्यूजीलैंड टीम ने बाकी मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर अहम अपडेट दिया है. व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए टीम मैनेजमेंट तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को संभालने में जुटा है. इसी कारण लॉकी फर्ग्यूसन तीसरे टी20 इंटरनेशनल में नहीं खेलेंगे.
तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ऑकलैंड रवाना होंगे और सीरीज के आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए टीम में वापसी करेंगे. वहीं, मैट फिशर तीसरे मैच के लिए तेज गेंदबाजी के विकल्प के तौर पर टीम के साथ वेलिंगटन जाएंगे. इसके बाद वह न्यूजीलैंड-ए टीम में शामिल होंगे.
हेनरी हुए चोटिल, टी20 सीरीज से बाहर
अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी क्राइस्टचर्च में रुकेंगे और 2 नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम से जुड़ेंगे. यानी वो टी20 सीरीज के बाकी मैचों से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. हेनरी ने दूसरे टी20 मैच में सिर्फ दो ओवर्स की गेंदबाजी की. कप्तान मिचेल सेंटनर के मुताबिक हेनरी पिंडली में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए थे.
फास्ट बॉलर काइल जेमिसन 27 अक्टूबर को भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसके बाद वह 31 अक्टूबर को कैंटरबरी की ओर से फोर्ड ट्रॉफी का मुकाबला खेल सकते हैं और फिर वनडे टीम में शामिल होंगे. ब्लेयर टिकनर आखिरी तीन टी20 मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि जोश क्लार्कसन अंतिम दो मुकाबलों में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. इन फैसलों के जरिए न्यूजीलैंड आने वाले व्यस्त कार्यक्रम से पहले अपने तेज गेंदबाजों को तरोताजा रखना चाहता है.
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि सीरीज के शुरुआती दोनों मैच काफी प्रतिस्पर्धी रहे हैं और टीम के सामने अभी काफी क्रिकेट बाकी है. उन्होंने कहा, 'हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास टीम में पर्याप्त गहराई है. इससे हमें तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को मैनेज करने और आने वाले मुकाबलों के लिए उन्हें बेहतर स्थिति में रखने में मदद मिलती है.'
भारती टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है. तीसरा टी20 मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाना है. न्यूजीलैंड के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है क्योंकि हारने पर टीम सीरीज गंवा देगी.
भारत vs न्यूजीलैंड टी20 सीरीज
पहला टी20: 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, भारत 4 विकेट से जीता
दूसरा टी20: 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, भारत की 4 विकेट से जीत
तीसरा टी20: 27 अक्टूबर, वेलिंगटन, दोपहर 12:30 बजे
चौथा टी20: 30 अक्टूबर, ऑकलैंड, दोपहर 12:30 बजे
पांचवां टी20: 1 नवंबर, हैमिल्टन, दोपहर 12:30 बजे
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क