ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 अगस्त (शनिवार) से मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में शुरू हुआ. इस मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने तबाही मचा दी. उन्होंने रफ्तार, स्विंग और सीम का ऐसा कॉम्बिनेशन दिखाया कि बांग्लादेश का टॉप ऑर्डर कुछ ही देर में बिखर गया. स्टार्क ने 3.4 ओवरों में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए.
मिचेल स्टार्क ने बाद में बांग्लादेश का आखिरी विकेट भी चटकाया. स्टार्क ने कुल 10 ओवरों की गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने 12 रन देकर 6 विकेट झटके. स्टार्क की घातक गेंदबाजी के चलते बांग्लादेश अपनी पहली पारी में सिर्फ 64 रन बना पाया. पैट कमिंस ने 3 विकेट झटके. वहीं जोश हेजलवुड ने एक खिलाड़ी को चलता किया.
देखा जाए तो मिचेल स्टार्क ने फाइव विकेट हॉल लगभग 42 मिनट में ही हासिल कर लिया. यह उनके टेस्ट करियर का 19वां पांच विकेट हॉल रहा. मैके की परिस्थितियां शुरुआत से तेज गेंदबाजों के लिए मददगार नजर आईं, जिसका स्टार्क ने पूरा फायदा उठाया. बांग्लादेश के बल्लेबाज उनकी रफ्तार और मूवमेंट के सामने सहज नहीं दिखे. हालांकि बल्लेबाजों के शॉट सेलेक्शन ने भी ऑस्ट्रेलिया का काम आसान किया. ऑफ स्टम्प से बाहर जाती गेंदों को छोड़ने के बजाय कई बल्लेबाजों ने बल्ला लगाया और कैच देकर पवेलियन लौटे.
नतीजा यह रहा कि मिचले स्टार्क अपने चौथे ओवर तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट पूरे कर चुके थे. स्टार्क ने मैच की पहली गेंद पर शादमान इस्लाम (0 रन) को आउट किया. फिर तंजीद हसन तमीम (0 रन), मोमिनुल हक (9 रन), नजमुल हुसैन शांतो (0 रन) और लिटन दास (0 रन) को आउट कर पांच विकेट पूरे किए.. बांग्लादेश के शुरुआती पांच विकेट स्टार्क ने ही झटके.
स्टेन को स्टार्क ने पछाड़ दिया
इस घातक स्पेल के दौरान मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में साउथ के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन को भी पीछे छोड़ दिया. स्टार्क अब इस लिस्ट में 10वें नंबर पर आ चुके हैं. स्टेन ने 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट हासिल किए थे. स्टार्क के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपने करियर में लंबे समय तक ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक की अगुवाई करते हुए अलग-अलग परिस्थितियों में विकेट हासिल किए हैं.
मिचेल स्टार्क के कहर के बाद कप्तान पैट कमिंस ने भी बांग्लादेश को संभलने नहीं दिया. उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को शानदार गेंद पर बोल्ड किया. कमिंस की गेंद पिच पर पड़ने के बाद अंदर की तरफ आई और मुशफिकुर के बल्ले-पैड के बीच बने गैप से निकलते हुए सीधे मिडिल स्टम्प से जा टकराई. इस विकेट ने बांग्लादेश की मुश्किलें और बढ़ा दीं. पिच से तेज गेंदबाजों को सीम और स्विंग दोनों मिल रही थी और ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक ने परिस्थितियों को जल्दी भांप लिया. दूसरी तरफ बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाने के बजाय बाहर जाती गेंदों पर शॉट खेलने की कोशिश करके अपने लिए मुश्किलें बढ़ाईं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क