राजस्थान के टोंक जिले से क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक गर्व भरी खबर सामने आई है. टोंक के 28 वर्षीय जय मूंदड़ा का चयन आयरलैंड की टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है. अब वह 26 और 28 जून को डबलिन में भारत के खिलाफ होने वाले टी-20 मुकाबलों में आयरलैंड की ओर से खेलते हुए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर सकते हैं. जय मूंदड़ा वर्ष 2021 में एमटेक की पढ़ाई के लिए आयरलैंड गए थे. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को भी जारी रखा. इसी मेहनत और लगातार प्रदर्शन का नतीजा है कि अब उन्हें आयरलैंड की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है.
जय को जब आयरलैंड टीम में चयन की सूचना मिली तो वह बेहद खुश हुए. उन्होंने तुरंत यह जानकारी टोंक में रह रही अपनी मां, बहन, ताऊ और चाचा के परिवार को दी. शुरुआत में परिवार को इस खबर पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब जय ने चयन से जुड़ा संदेश भेजा तो पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. जय की मां विद्या देवी और बहन मानसी ने बताया कि यह खबर उनके लिए अविश्वसनीय थी. उन्होंने कहा कि अगर जय के पिता गिरिराज मूंदड़ा आज जीवित होते तो यह पल उनके लिए सबसे बड़ी खुशी लेकर आता. वर्ष 2024 में जय के पिता का निधन हो गया था.
जय में बचपन से था क्रिकेट के लिए जुनून
जय मूंदड़ा बचपन से ही क्रिकेट के शौकीन रहे हैं. टोंक में पढ़ाई के दौरान उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और बाद में राजस्थान अंडर-14 टीम का हिस्सा भी बने. उन्होंने राज्य स्तरीय कई क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. बाद में पढ़ाई के लिए वह बेंगलुरु गए, लेकिन वहां भी क्रिकेट से उनका जुड़ाव बना रहा. हालांकि एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए क्रिकेट से दूरी बना ली थी. कॉलेज के दिनों में वह केवल शौक के तौर पर क्रिकेट खेलते थे.
आयरलैंड पहुंचकर शुरू हुआ क्रिकेट का सफर
एमटेक की पढ़ाई के लिए आयरलैंड पहुंचने के बाद जय ने डबलिन के प्रसिद्ध लेनस्टर क्रिकेट क्लब से खेलना शुरू किया. लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई. वर्ष 2023 में वह आयरिश सीनियर कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया और अब उन्हें आयरलैंड की टी-20 टीम में जगह मिल गई है. जय का कहना है कि आयरलैंड की राष्ट्रीय टीम में चयन उनके लिए जागती आंखों से देखा गया सपना पूरा होने जैसा है.
तेज गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी भी करते हैं जय
जय मूंदड़ा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. वह लगभग 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं. इसके साथ ही वह उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं. उनके इसी ऑलराउंड प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया. जय ने बताया कि उन्होंने शुरुआत टेनिस बॉल क्रिकेट से की थी. बाद में लेदर बॉल क्रिकेट खेलने लगे और धीरे-धीरे अपनी गेंदबाजी की रफ्तार बढ़ाते गए. आज वह तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं.
ताऊ का बेटा भी स्वीडन की टीम के क्रिकेट खेल चुका है
जय के ताऊ कन्हैया मूंदड़ा ने बताया कि परिवार में पहले कोई पेशेवर क्रिकेटर नहीं था. हालांकि उनका बेटा अजय मूंदड़ा भी क्रिकेट से जुड़ा रहा है और स्वीडन की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुका है. साथ ही उन्होंने कहा कि परिवार के दो सदस्य अब अलग-अलग देशों की राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों से जुड़े हैं, जो पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है.
जय मूंदड़ा का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना उनका हमेशा से सपना रहा है. अब यह सपना आयरलैंड की टीम में जगह मिलने के साथ पूरा होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि वह दिल से भारतीय हैं, इसलिए भारत के खिलाफ खेलना उनके लिए एक अलग अनुभव होगा.
भारत के खिलाफ मिल सकता है खेलने का मौका
जय के अनुसार भारत दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है और ऐसे में उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों की कड़ी परीक्षा होने वाली है. टोंक की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचने वाले जय मूंदड़ा की यह सफलता राजस्थान के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है.
मनोज तिवारी