इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच पंजाब किंग्स (PBKS) के स्पिनर युजवेंद्र चहल एक बड़े विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चहल वेप (ई-सिगरेट) इस्तेमाल करते दिखाई दिए. चहल इस दौरान फ्लाइट में बैठे दिख रहे हैं. हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन इस मामले ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है.
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप को क्रिकेटर अर्शदीप सिंह के पॉडकास्ट से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो में कथित तौर पर युजवेंद्र चहल वेप का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं और कैमरे से उसे छिपाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं.
हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो असली है या एडिटेड. aajtak.in इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. किसी आधिकारिक एजेंसी या BCCI ने इसकी पुष्टि नहीं की है. अब पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने इस पूरे विवाद पर बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने तीखा बयान दिया. उन्होंने X पर लिखा, 'भारत में वेप बैन है. अगर ऐसा किया है तो जेल में होना चाहिए. कानून बनाने का क्या मतलब अगर उन्हें लागू ही नहीं किया जाए. 25% मैच फीस का जुर्माना तो बहुत छोटी सजा है.' उन्होंने आगे सवाल उठाया कि अगर यही काम कोई आम नागरिक करता, तो उसके खिलाफ क्या कार्रवाई होती.
Bयह भी पढ़ें: BCCI से नाराज होकर इस दिग्गज ने छोड़ी कमेंट्री... अश्विन भी रह गए हैरान
इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर एक और दावा तेजी से वायरल होने लगा. कुछ यूजर्स ने कहा कि अर्शदीप सिंह को टीम के साथ व्लॉग बनाने से रोक दिया गया है, जबकि युजवेंद्र चहल को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में रियान पराग भी ई-सिगरेट विवाद में फंस चुके हैं. राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए थे. उस मामले में उन पर 25% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन कोई बैन नहीं लगा. अब चहल का कथित वीडियो सामने आने के बाद यह मुद्दा और बड़ा हो गया है.
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने IPL टीमों और खिलाड़ियों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं. बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा है कि ई-सिगरेट और सभी प्रतिबंधित पदार्थ IPL के वेन्यू, ड्रेसिंग रूम, डगआउट, टीम होटल और प्रैक्टिस एरिया में पूरी तरह बैन रहेंगे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क