अभिषेक-वैभव के तूफान का असर! भारत-न्यूजीलैंड मैच के लिए ईडन पार्क हाउसफुल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले चौथे टी20 मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं. मैच में 40 हजार से ज्यादा दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. यह न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय सीरीज के किसी मैच में दर्शकों की संख्या का नया रिकॉर्ड होगा. भारत पांच मैचों की सीरीज में शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है.

Advertisement
भारत-न्यूजीलैंड चौथे टी20 से पहले ईडन पार्क हाउसफुल, 40 हजार दर्शक बनाएंगे रिकॉर्ड. (Photo:Getty) भारत-न्यूजीलैंड चौथे टी20 से पहले ईडन पार्क हाउसफुल, 40 हजार दर्शक बनाएंगे रिकॉर्ड. (Photo:Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • ऑकलैंड,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:32 AM IST

भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को होने वाले चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए ईडन पार्क में करीब 40 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. इसके साथ ही ऑकलैंड का यह मैदान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी तीसरी सबसे बड़ी दर्शक संख्या का गवाह बनेगा.

भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर सीरीज पर अजेय बढ़त बना ली है. तीनों मैच हाउसफुल रहे हैं. वेलिंगटन में मंगलवार को खेले गए तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से करारी शिकस्त दी थी.

Advertisement

दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की और भारत ने 199 रनों का लक्ष्य महज 13.2 ओवरों में हासिल कर लिया. अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल रहे. उनकी इस पारी ने कई रिकॉर्ड तोड़े और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया.

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने बयान में कहा, 'शुक्रवार रात ईडन पार्क में 40 हजार से ज्यादा प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे टी20 इंटरनेशनल के लिए सभी टिकट बिक चुके हैं.'

यह मुकाबला न्यूजीलैंड में द्विपक्षीय सीरीज के किसी मैच में दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड भी तोड़ देगा. इससे पहले यह रिकॉर्ड 2019 में ईडन पार्क में भारत के खिलाफ ब्लैककैप्स और व्हाइट फर्न्स के डबलहेडर मुकाबले के नाम था, जिसे 36,523 दर्शकों ने देखा था.

Advertisement

ईडन पार्क में अब तक सिर्फ दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों में इससे ज्यादा दर्शक पहुंचे हैं. पहला मौका 2015 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल का था, जब ग्रांट इलियट के यादगार छक्के की बदौलत न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. उस मैच को करीब 41 हजार दर्शकों ने देखा था.

दूसरा मौका 1982 में आया था, जब न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मुकाबले में कथित तौर पर 42 हजार दर्शक मैदान में मौजूद थे. न्यूजीलैंड ने रिचर्ड हेडली, जॉन राइट और मार्टिन क्रो जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली टीम के दम पर यह मैच 46 रनों से जीता था.

NZC के मुताबिक, भारत के न्यूजीलैंड दौरे के लिए अब तक 1.26 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इनमें से 71 हजार टिकट अकेले टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए खरीदे गए हैं.

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग एवं कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि मुकाबले के लिए टिकटों की मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा रही है. उन्होंने कहा कि ईडन पार्क में खचाखच भरा स्टेडियम अपने आप में खास अनुभव होता है और द्विपक्षीय सीरीज के दर्शक रिकॉर्ड का टूटना इस सीरीज को लेकर प्रशंसकों के उत्साह को दिखाता है.

क्रिचली ने उम्मीद जताई कि शुक्रवार की रात बड़े सितारों, जबरदस्त माहौल और रोमांचक क्रिकेट के कारण यादगार बनेगी. उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इलियट के छक्के का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशंसकों को एक बार फिर ईडन पार्क में वैसा ही मनोरंजन देखने को मिल सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »