रोहित-कोहली की वापसी काफी नहीं... ये 4 सवाल बढ़ा रहे टीम इंडिया की टेंशन

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले टीम इंडिया के सामने चार बड़े सवाल खड़े हैं. विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी से टीम मजबूत जरूर दिख रही है, लेकिन मोहम्मद सिराज और हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी, अर्शदीप सिंह की फॉर्म और शुभमन गिल की कप्तानी बड़ी चुनौती बनी हुई है.

Advertisement
एजबेस्टन टीम इंडिया के सामने बड़ा चैलेंज. (@BCCI/Screengrab) एजबेस्टन टीम इंडिया के सामने बड़ा चैलेंज. (@BCCI/Screengrab)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:57 AM IST

टी20 में आयरलैंड और इंग्लैंड के हाथों लगातार शर्मनाक हार के बाद अब वनडे में भारत के सामने सिर्फ सीरीज जीतने की नहीं, बल्कि अपनी खोई हुई साख वापस पाने की चुनौती है. 2027 वर्ल्ड कप से पहले यह सीरीज भारतीय टीम के लिए किसी फाइनल से कम नहीं.

करीब दो हफ्ते पहले तक भारतीय टीम को सीमित ओवर क्रिकेट की सबसे खतरनाक टीमों में गिना जा रहा था. लेकिन सिर्फ 14 दिनों ने पूरी तस्वीर बदल दी. पहले आयरलैंड ने भारत को टी20 सीरीज में झटका दिया, फिर इंग्लैंड ने उसी अंदाज में टीम इंडिया की कमजोरियों को बेनकाब कर दिया. बल्लेबाजी बिखरी, गेंदबाजी फीकी रही और फील्डिंग भी सवालों के घेरे में आ गई.

Advertisement

फॉर्मेट बदल गया है, लेकिन सवाल वही हैं... क्या टीम इंडिया विदेशी जमीन पर वापसी कर पाएगी?

मंगलवार से एजबेस्टन में शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज सिर्फ एक और द्विपक्षीय मुकाबला नहीं है. यह भारतीय क्रिकेट की साख, आत्मविश्वास और भविष्य की तैयारी की परीक्षा है. अगर यहां भी नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आए, तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों पर गंभीर सवाल उठना तय है. 

टी20 की चोट अभी ताजा है...

पिछले दो साल में भारत ने टी20 क्रिकेट में दबदबा बनाया था. लेकिन इंग्लैंड दौरे पर वही टीम पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई. लगातार हार ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या भारत की सफलता सिर्फ घरेलू या उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों तक सीमित है? क्या विदेशी पिचों पर टीम अभी भी उसी पुराने संघर्ष से जूझ रही है?

Advertisement

इन्हीं सवालों का जवाब अब वनडे सीरीज में तलाशा जाएगा.

बड़े सितारे लौटे, उम्मीदें भी लौटीं

सबसे बड़ी राहत यह है कि वनडे टीम में भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी लौट आए हैं.

विराट कोहली फिर नंबर-3 पर नजर आएंगे. रोहित शर्मा की मौजूदगी ड्रेसिंग रूम का आत्मविश्वास बढ़ाएगी. कप्तान शुभमन गिल के पास खुद को साबित करने का मौका होगा. केएल राहुल मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे.

और सबसे बड़ी खबर...

जसप्रीत बुमराह की वापसी

2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार वह इस फॉर्मेट में गेंदबाजी करते नजर आएंगे.  2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे खेलने उतर रहे जसप्रीत बुमराह पूरे 968 दिन बाद इस फॉर्मेट में वापसी करेंगे.

लेकिन सिर्फ बड़े नाम होने से मैच नहीं जीते जाते.

टीम इंडिया के सामने चार बड़े सवाल

1. क्या विराट और बुमराह तुरंत पुरानी लय पकड़ पाएंगे?

विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह लंबे अंतराल के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों बिना किसी तैयारी के सीधे उसी लय में लौट पाएंगे, जिसके लिए वे जाने जाते हैं? बड़े खिलाड़ियों से बड़ी पारियों और मैच जिताऊ स्पेल की उम्मीद रहती है, लेकिन लंबे ब्रेक के बाद लय हासिल करना आसान नहीं होता.

Advertisement

2. सिराज के बिना तेज गेंदबाजी कितनी मजबूत होगी?

मोहम्मद सिराज इस दौरे पर भारतीय तेज आक्रमण का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में नई गेंद की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पर होगी. अर्शदीप हाल के मैचों में अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे हैं. अगर शुरुआती ओवरों में विकेट नहीं मिले तो इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी भारत पर हावी हो सकती है.

3. हार्दिक पंड्या की कमी कौन पूरी करेगा?

हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी की गैरमौजूदगी ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया है. हार्दिक सिर्फ बल्लेबाज या गेंदबाज नहीं, बल्कि दोनों भूमिकाएं निभाने वाले खिलाड़ी हैं. उनकी अनुपस्थिति में भारत के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अतिरिक्त बल्लेबाज खिलाया जाए या अतिरिक्त गेंदबाज. सही संयोजन चुनना कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा.

4. क्या शुभमन गिल दबाव झेल पाएंगे?

शुभमन गिल के लिए यह सिर्फ बल्लेबाजी की नहीं, कप्तानी की भी परीक्षा है. टी20 सीरीज में लगातार हार के बाद उनकी रणनीति और फैसलों पर सवाल उठे. अब वनडे में उनके सामने अनुभवी इंग्लैंड की टीम होगी. फील्ड प्लेसमेंट, गेंदबाजी में बदलाव और दबाव के क्षणों में लिए गए फैसले तय करेंगे कि गिल कप्तान के रूप में कितने परिपक्व हो चुके हैं.

Advertisement

वर्ल्ड कप से पहले अब बहानों की गुंजाइश नहीं

जुलाई 2024 के बाद भारत ने छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलीं और उनमें से तीन गंवा दीं.

- श्रीलंका में हार
- ऑस्ट्रेलिया में हार
- घर में न्यूजीलैंड से हार
यानी वनडे में भी तस्वीर उतनी चमकदार नहीं रही, जितनी कभी दिखती थी.

2027 वनडे वर्ल्ड कप अब ज्यादा दूर नहीं है. लगभग 15 महीने बाद दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें उतरेंगी. उससे पहले भारत के पास गलतियां सुधारने के बहुत कम मौके बचे हैं.

एजबेस्टन... जहां शुरुआती 10 ओवर तय करेंगे कहानी

एजबेस्टन की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद देती है. नई गेंद स्विंग करती है, लेकिन उसके बाद बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है.

यानी रोहित-गिल की शुरुआत और बुमराह की पहली स्पेल इस मुकाबले की दिशा तय कर सकती है.

मौसम भी भारत के लिए राहत की खबर लेकर आया है. बारिश की संभावना नहीं है और पूरे 100 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है.

एक रिकॉर्ड भारत के पक्ष में

आंकड़े बताते हैं कि भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांचों वनडे मुकाबले जीते हैं.

लेकिन दूसरी ओर एक डरावना आंकड़ा भी है.

भारत इस समय आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज मिलाकर लगातार सात मैचों से जीत नहीं दर्ज कर पाया है.

Advertisement

अगर एजबेस्टन में भी हार मिली, तो 2014-15 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद पहली बार भारतीय टीम लगातार आठ या उससे ज्यादा मैच बिना जीत के रहेगी.

अब बहानों का वक्त खत्म...

टी20 में हार के बाद टीम इंडिया ने कहा कि यह बदलाव का दौर है. युवा टीम है. प्रयोग हो रहे हैं.

लेकिन वनडे टीम के साथ ऐसा कोई तर्क नहीं चलेगा.

- रोहित शर्मा हैं
- विराट कोहली हैं
- जसप्रीत बुमराह हैं
- केएल राहुल हैं

यानी भारत के सबसे बड़े मैच विनर मैदान पर होंगे.

अब सवाल सिर्फ इतना है... क्या ये सितारे टीम इंडिया को हार के अंधेरे से बाहर निकाल पाएंगे या इंग्लैंड एक और करारा झटका देने को तैयार बैठा है?

पहले वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर/कुलदीप यादव, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »