भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड का दौरा कुछ खास नहीं रहा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को टी-20 सीरीज में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. टी-20 के बाद वनडे सीरीज का आगाज भारत ने जीत के साथ किया. ऐसा लग रहा था कि शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे सीरीज को जीतकर टी-20 में मिली हार का हिसाब बराबर कर लेगी. लेकिन आखिरी के दोनों मैच हारकर भारतीय टीम यहां भी सीरीज गंवा बैठी.
वैभव सूर्यवंशी को दिखाना होगा दम
इंग्लैंड के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जाने वाली है. 23 जुलाई को सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा, जिसके लिए खिलाड़ी पूरी तरह से तैयार हैं. इस सीरीज में फैन्स की निगाहें युवा विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी. इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 मैचों की सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को मौका तो मिला, लेकिन उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चल सका.
वैभव के पास हीरो बनने का मौका
हालांकि, क्रिकेट ऐसा खेल है जिसमें एक बड़ी पारी खिलाड़ी को हीरो बनाने के लिए काफी है. आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से जलवा बिखेरने का काम कर चुके हैं. लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी उन्हें खुद को साबित करना बाकी है. ऐसे में वैभव की नजरें जिम्बाब्वे दौरे पर हैं, जहां वे अपने पुराने अंदाज में मैदान पर गर्दा उड़ाने के लिए पूरी तरह से तैयार बैठे हैं.
कप्तान अय्यर को जीत की तलाश
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में भारतीय टीम 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलने उतरेगी. वैभव के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी यह दौरा काफी अहम साबित हो सकता है. श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हार के साथ की थी. अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी-20 टीम को अपनी पहली जीत की तलाश है.
ये भी पढ़ें- 'रोहित भाई ने रिटायरमेंट पर कुछ नहीं कहा...', हिटमैन को लेकर कप्तान शुभमन गिल ने खत्म किया सस्पेंस
खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
इंग्लैंड सीरीज की नाकामी को पीछे छोड़ भारतीय खिलाड़ी जिम्बाब्वे के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे. जिम्बाब्वे की पिच पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. लेकिन अभिषेक शर्मा और ईशान किशन टॉप ऑर्डर में वैभव के साथ विस्फोटक शुरुआत देकर टीम को मजबूती दे सकते हैं. गेंदबाजी में मयंक यादव की रफ्तार और वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री स्पिन जिम्बाब्वे के लिए बड़ी चुनौती होगी.
ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा ने उधार के बल्ले से लॉर्ड्स में जड़ा शतक... इस क्रिकेटर ने मैच के बाद किया खुलासा
जानिए कब और कहां होंगे मुकाबले
पहला टी-20 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) शाम 4:30 बजे
दूसरा टी-20 25 जुलाई 2026 (शनिवार) शाम 4:30 बजे
तीसरा टी-20 26 जुलाई 2026 (रविवार) शाम 4:30 बजे
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क