टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मैच मोहाली में खेला जा रहा है. मैच की पहली पारी पूरी तरह से स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के नाम रही. जडेजा ने नाबाद 175 और पंत ने 96 रन की पारी खेली.
भारत की पहली पारी के दौरान रनआउट की कोशिश का एक मजेदार वाकया देखने को मिला. दरअसल, क्रीज पर मौजूद रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी के बीच तालमेल गड़बड़ा गया था. दूसरा रन लेना है या नहीं, दोनों के बीच यही गफलत हो गई थी.
मजेदार बात तो यह रही कि इसका फायदा गेंदबाज भी नहीं उठा पाया, क्योंकि वह भी घबरा गया था. उसे समझ ही नहीं आया कि करना क्या है. इसी बीच जडेजा और शमी को जीवनदान मिल गया.
वीडियो में रिकॉर्ड हुआ पूरा मामला वायरल
इस पूरे वाकये का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, यह घटना भारतीय पारी के दौरान 125वें ओवर में हुई. विश्वा फर्नांडो के इस ओवर की दूसरी बॉल पर जडेजा ने हल्के हाथ से बॉल ड्राइव करते हुए सिंगल रन लिया. दोनों दूसरे रन के लिए भागे, लेकिन फील्डर के हाथ में बॉल देखते हुए जडेजा रुके और वापस क्रीज में आकर अपना विकेट बचा लिया. हालांकि, तब तक शमी बहुत दूर तक आ चुके थे.
फील्डर ने गेंदबाज की तरफ थ्रो किया था. ऐसे में बॉलर गेंद पकड़ कर जडेजा को आउट करने की नाकाम कोशिश करने के बाद अफसोस मनाने लगा. जबकि दूसरी तरफ शमी को आउट करने के लिए विकेटकीपर बॉल मांगने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन गेंदबाज ध्यान नहीं दे सका. ऐसे में शमी भी आउट होने से बच गए.
पहली पारी में टीम इंडिया 574/8 पारी घोषित
मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 574 रन बनाकर पारी घोषित की. रवींद्र जडेजा 175 रन बनाकर नाबाद रहे. ऋषभ पंत ने 96, रविचंद्रन अश्विन ने 61 और हनुमा विहारी ने 58 रन बनाए. अपना 100वां टेस्ट खेल रहे विराट कोहली 45 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए.
aajtak.in