AUS vs IND 3rd Test Day 2 Highlights: गाबा में जसप्रीत बुमराह को नहीं मिला सपोर्ट, तीसरा तेज गेंदबाज भी बना कमजोर कड़ी

IND vs AUS 3rd Test Day 2 Highlights: गाबा टेस्ट में भारतीय टीम फिलहाल बैकफुट पर है क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बड़ा स्कोर बना लिया है. अब इस मुकाबले में वापसी के लिए भारतीय बल्लेबाजों से दमदार प्रदर्शन की आस रहेगी.

Advertisement
Jasprit Bumrah (Courtesy: AP) Jasprit Bumrah (Courtesy: AP)

aajtak.in

  • ब्रिस्बेन,
  • 15 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 9:41 PM IST

IND vs AUS 3rd Test Day 2 Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा में जारी है. इस मुकाबले में दो दिन का खेल समाप्त हो चुका है. दूसरे दिन (15 दिसंबर) स्टम्प तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सात विकेट के नुकसान पर 405 रन बना लिए थे. एलेक्स कैरी 45 और मिचेल स्टार्क 7 रन बनाकर नॉटआउट हैं.

Advertisement

बूम बूम बुमराह ने काटा गदर, लेकिन...

देखा जाए तो भारतीय टीम ने इस मकाबले के दूसरे दिन अच्छी शुरुआत की. उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के दोनों ओपनर्स उस्मान ख्वाजा और नाथन मैकस्वीनी को सस्ते में आउट कर दिया. यहां से मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप को नीतीश कुमार रेड्डी ने तोड़ा, जिन्होंने लाबुशेन को चलता किया. लाबुशेन के आउट होने के समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 75 रन था.

अब ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को कम स्कोर पर आउट कर देगी. लेकिन ट्रेविस हेड और अनुभवी स्टीव स्मिथ क्रीज पर ऐसे डटे कि दोनों ने शतकीय पारियां खेलकर ही दम लिया. हेड-स्मिथ ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 241 रनों की साझेदारी की.  स्मिथ ने 190 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल रहे. जबकि हेड ने 160 गेंदों का सामना करते हुए 152 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 18 चौके जड़े.

Advertisement

जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने दूसरी नई गेंद ली, तो जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाकर भारतीय टीम की वापसी कराई. इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 6 विकेट पर 327 रन हो गया. लेकिन फिर कप्तान पैट कमिंस और विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी के बीच सातवें विकेट के लिए 58 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने ऑस्ट्रेलिया को फिर से संभाल लिया.

जडेजा नहीं चले, आकाश दीप और सिराज रहे बेअसर

जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें, तो बाकी के भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन बिल्कुल भी सराहनीय नहीं रहा. यदि बुमराह को बाकी गेंदबाजों का साथ मिलता, तो शायद ऑस्ट्रेलियाई टीम ऑलआउट हो गई होती. बुमराह के अलावा बाकी के भारतीय गेंदबाज महंगे भी साबित हुए और उन सभी की इकोनॉमी रेट 3 से ज्यादा की रही. 

जसप्रीत बुमराह ने 25 ओवरों में 72 रन दिए हैं और 5 विकेट चटकाए. इसके उलट मोहम्मद सिराज ने 4.30 की इकोनॉमी रेट से 97 रन खर्च करके एक विकेट लिया है. वहीं तीसरे तेज गेंदबाज आकाश दीप की इकोनॉमी रेट 3.20 की रही और उन्होंने 78 रन लुटाए हैं. स्पिनर रवींद्र जडेजा भी महंगे साबित हुए और 16 ओवरों में 76 रन दिए हैं. नीतीश कुमार रेड्डी ने अब तक 13 ओवर फेंका, जिसमें उन्होंने 65 रन देकर एक विकेट हासिल किया है.

Advertisement

इस मुकाबले में भारतीय टीम फिलहाल पिछड़ती नजर आ रही है क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने बड़ा स्कोर बना लिया है. अब मुकाबले में वापसी के लिए भारतीय बल्लेबाजों से दमदार प्रदर्शन की आस रहेगी. हालांकि उससे पहले भारतीय गेंदबाजों को मुकाबले के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को जल्द आउट करना होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement