'ये न‍िर्ममता है... ', बुमराह-हार्दिक के बिना न्यूजीलैंड में कैसे जीती टीम इंडिया? गंभीर ने बताया श्रेयस अय्यर का रोल

न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद कोच गौतम गंभीर ने भारतीय खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि टीम को तैयारी के लिए सिर्फ एक दिन मिला था, इसके बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. गंभीर ने कप्तान श्रेयस अय्यर की अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण को संभालने के लिए तारीफ की और कहा कि उनके शब्दकोश में डर नहीं है.

Advertisement
'लोग इस उपलब्धि की बात नहीं करेंगे...', टीम इंडिया की जीत पर गौतम गंभीर ने क्यों कही ये बात (Photo: Reuters/ File) 'लोग इस उपलब्धि की बात नहीं करेंगे...', टीम इंडिया की जीत पर गौतम गंभीर ने क्यों कही ये बात (Photo: Reuters/ File)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • हैम‍िल्टन ,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:46 PM IST

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है. उन्होंने इस जीत को 'अविश्वसनीय'  करार देते हुए कहा कि टीम के पास तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं था, लेकिन खिलाड़ियों ने अपने आक्रामक और निडर रवैये से इस चुनौती को पार किया. गंभीर ने यह भी कहा कि इस उपलब्धि की चर्चा शायद बहुत से लोग नहीं करेंगे, लेकिन टीम को इस प्रदर्शन पर हमेशा गर्व होना चाहिए.

Advertisement

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी. हालांकि, मेजबान टीम ने आखिरी दो मैच जीतकर सीरीज का अंतर 3-2 कर दिया. 1 नवंबर को हैमिल्टन में पांचवां टी20 खत्म होने के बाद गंभीर ने टीम के प्रदर्शन पर अपनी बात रखी.

गंभीर ने बताया कि भारतीय टीम 20 अक्टूबर को न्यूजीलैंड पहुंची थी और अगले ही दिन यानी 21 अक्टूबर को उसे अभ्यास का मौका मिला. 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में पहला मुकाबला खेलना था. यानी खिलाड़ियों को सिर्फ एक प्रैक्टिस सेशन मिला.

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को जेट लैग, अलग मौसम और मैदानों की अलग-अलग परिस्थितियों से भी जूझना पड़ा. इसके अलावा टीम के ज्यादातर खिलाड़ी पहली बार न्यूजीलैंड दौरे पर आए थे. गंभीर के मुताबिक, करीब 70-80 फीसदी खिलाड़ी ऐसे थे, जिन्हें यहां खेलने का पहले अनुभव नहीं था.

यह भी पढ़ें: 'म‍िड‍िल ओवर्स में व‍िकेट गंवाए, फील्ड‍िंग मे सुस्त...', हैम‍िल्टन T20 क्यों हारी टीम इंड‍िया, कप्तान श्रेयस अय्यर ने ग‍िना दी गलत‍ियां

Advertisement

उन्होंने कहा- यह अविश्वसनीय प्रयास था. लड़कों को तैयारी के लिए सिर्फ एक दिन मिला था. 15 घंटे की फ्लाइट के बाद अभ्यास करके ऐसी परिस्थितियों में न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ प्रदर्शन करना आसान नहीं था. खिलाड़ियों को अपने प्रयासों पर गर्व होना चाहिए.'

'T20 क्रिकेट में ज्यादा प्लानिंग नहीं की'
गंभीर ने बताया कि लगातार दो सीरीज खेलने के कारण टी20 मुकाबलों के लिए ज्यादा प्लान‍िंग करने का समय नहीं मिला. भारत ने इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेली थी और फिर न्यूजीलैंड पहुंचा था.

यह भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: ट‍िम सीफर्ट की पारी ईशान क‍िशन पर भारी, पांचवें टी20 में न्यूजीलैंड की जीत, ग्लेन फ‍िल‍िप्स भी चमके

हालांकि, टेस्ट सीरीज को लेकर टीम मैनेजमेंट ने पहले से तैयारी की थी. गंभीर ने कहा कि दो टेस्ट मैचों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कोशिश की कि टेस्ट टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में कम से कम एक चार दिवसीय मैच जरूर खेलें.

उन्होंने कहा कि इस दौरे में टी20 टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी, क्योंकि वनडे और टेस्ट खिलाड़ियों को तैयारी के लिए समय मिलने वाला था, लेकिन टी20 टीम के पास ऐसा मौका नहीं था.

'लोग इस उपलब्धि की बात नहीं करेंगे'
गंभीर ने भारतीय खिलाड़ियों के निडर और आक्रामक रवैये की तारीफ की. उन्होंने कहा कि टीम लगातार दबाव में थी, लेकिन खिलाड़ियों ने उसे अच्छी तरह संभाला.

Advertisement

गंभीर ने कहा- मुझे पता है कि बहुत से लोग इस बारे में बात नहीं करेंगे, लेकिन यह ऐसी उपलब्धि है, जिसकी चर्चा हमेशा होनी चाहिए. ये खिलाड़ी लगातार दबाव में थे और यही रूथलेसनेस (न‍िर्ममता) कहलाती है. उन्होंने यह भी माना कि भारत आखिरी दोनों मुकाबले जीतना चाहता था, लेकिन क्रिकेट में हमेशा चीजें आपके पक्ष में नहीं जातीं.

अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के साथ श्रेयस की तारीफ
गंभीर ने कप्तान श्रेयस अय्यर की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि श्रेयस ने अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के बावजूद शानदार काम किया. भारतीय टीम के पास इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का विकल्प नहीं था. ऐसे में गेंदबाजों पर लगातार दबाव रहा.

गंभीर ने कहा कि श्रेयस ने एक ऐसी टी20 टीम की कमान संभाली, जिसने वर्ल्ड कप जीता था और दो साल तक कोई सीरीज नहीं गंवाई थी. इसके बाद इंग्लैंड और आयरलैंड दौरों पर भी टीम को हार का सामना करना पड़ा, जहां कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया.

उन्होंने कहा कि अगले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए युवा खिलाड़ियों को मौके देना और उन्हें विदेशी दौरों पर विकसित करना जरूरी है. गंभीर के मुताबिक, कप्तान का प्रदर्शन काफी हद तक उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निर्भर करता है. अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के साथ श्रेयस ने शानदार कप्तानी की.

Advertisement

'मेरी डिक्शनरी में डर नाम की चीज नहीं'
जब गंभीर से पूछा गया कि लगातार चुनौतियों के बीच क्या कभी उन्हें डर लगता है, तो उन्होंने अपने बेबाक अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा- मैं किसी चीज से नहीं डरता. मेरी डिक्शनरी, मेरी डायरेक्टरी और मेरी विचारधारा में डर नाम की कोई चीज नहीं है. हम प्रोफेशनल हैं और मैंने हमेशा माना है कि बहाने नहीं होने चाहिए. हमें जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, हम उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने और देश के लिए नतीजे हासिल करने की कोशिश करेंगे.

टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका एन्जॉय कर रहे गंभीर
हेड कोच ने अपने ब‍िजी शेड्यूल और लगातार दौरों के बीच वर्कलोड को लेकर भी बात की. उन्होंने माना कि शेड्यूल काफी व्यस्त है और जिम्मेदारी आसान नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इस काम का पूरा आनंद ले रहे हैं, क्योंकि बहुत कम लोगों को दोबारा भारतीय टीम की जर्सी पहनने का मौका मिलता है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »