957 विकेट, 25,973 रन... गोवा में खेलने के बाद लगा क्रिकेटर पर बैन, ले ल‍िया संन्यास

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर सम‍ित पटेल ने काउंटी क्रिकेट से र‍िटायरमेंट ले लिया है. अनधिकृत वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो टी20 लीग में खेलने के कारण इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया था. 957 विकेट और 25,973 रन बनाने वाले पटेल ने 22 साल नॉटिंघमशायर के लिए खेला और हाल में डर्बीशायर से जुड़े थे.

Advertisement
प्रतिबंध बना करियर का ब्रेक! सम‍ित पटेल ने अचानक कहा अलविदा (Photo: Getty) प्रतिबंध बना करियर का ब्रेक! सम‍ित पटेल ने अचानक कहा अलविदा (Photo: Getty)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 24 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:13 PM IST

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर सम‍ित पटेल ने काउंटी क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब उन्हें इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में खेलने से बैन कर दिया गया था.

पटेल पर यह एक्शन इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने लिया था, क्योंकि उन्होंने इस साल भारत के गोवा में आयोजित अनधिकृत वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो टी20 लीगमें हिस्सा लिया था. यह लीग ICC (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) से मान्यता प्राप्त नहीं है, और नियमों के मुताबिक ऐसे टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ियों पर घरेलू स्तर पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है.

Advertisement

41 वर्षीय पटेल ने इंग्लैंड के लिए 2008 से 2015 के बीच कुल 60 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. हालांकि उनका घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा, जहां उन्होंने 957 विकेट लेने के साथ-साथ 25,973 रन भी बनाए.

पटेल ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा नॉटिंघमशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ बिताया, जहां उन्होंने 22 साल तक खेला. इसके बाद 2024 में उन्होंने डर्बीशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ दो साल का व्हाइट-बॉल कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था.

हालांकि, आगामी टी20 ब्लास्ट सीजन के लिए उनके पास कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं था, लेकिन उन्होंने संकेत दिए थे कि वह एक और साल काउंटी क्रिकेट खेलना चाहते हैं. बैन के बाद यह संभावना खत्म हो गई थी. 

सम‍ित पटेल ने अपने र‍िटायरमेंट पर क्या कहा?
बीबीसी स्पोर्ट से बातचीत में पटेल ने कहा कि अगर उन्हें प्रतिबंध की संभावना के बारे में पहले पता होता, तो वह इस लीग में हिस्सा नहीं लेते. उन्होंने माना कि अनिश्चितता जरूर थी, लेकिन अब उस पर कुछ नहीं किया जा सकता.

Advertisement

पटेल ने बताया कि वह इस सीजन में खेलने के लिए कुछ काउंटियों के संपर्क में भी थे और उन्हें उम्मीद थी कि अंतिम समय में कोई कॉन्ट्रैक्ट मिल जाएगा. लेकिन ईसीबी के फैसले के बाद उनके लिए इंग्लैंड में खेलना संभव नहीं रहा.

पटेल टी20 ब्लास्ट के इतिहास के सबसे लगातार खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और 2003 से हर सीजन में हिस्सा लेते आए थे. पिछले सीजन में उन्होंने डर्बीशायर के लिए 213 रन बनाए और 13 विकेट भी झटके थे. इसके अलावा वह नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के लिए 'द हंड्रेड' में भी खेले. इस तरह एक शानदार और लंबा करियर अचानक खत्म हो गया, जहां एक फैसले ने उनके क्रिकेटिंग सफर पर विराम लगा दिया.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »