KKR vs MI: 'नोट सेलिब्रेशन' पर दीपक चाहर ने लिए मजे, फ‍िन एलन का विकेट लेते ही दिखा यून‍िक सेल‍िब्रेशन, VIDEO

आईपीएल 2026 में 'नोट सेलिब्रेशन' का ट्रेंड लगातार चर्चा में है. KKR vs MI मुकाबले में दीपक चाहर ने फिन एलन को बोल्ड करने के बाद उसी सेलिब्रेशन का मजेदार ट्विस्ट दिखाया. चाहर ने काल्पनिक पर्ची निकालकर जश्न मनाया, जिसका वीडियो वायरल हो गया.

Advertisement
दीपक चाहर का सेल‍िब्रेशन कोलकाता के ख‍िलाफ मैच में देखने लायक था (Photo: Screengrab) दीपक चाहर का सेल‍िब्रेशन कोलकाता के ख‍िलाफ मैच में देखने लायक था (Photo: Screengrab)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • कोलकाता ,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:45 PM IST

आईपीएल 2026 में 'नोट सेलिब्रेशन' लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अब मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर भी इस ट्रेंड में शामिल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने इसे अपने अंदाज में पेश किया. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में चाहर ने फिन एलन को बोल्ड करने के बाद ऐसा सेलिब्रेशन किया, जिसने सोशल मीडिया पर तुरंत हलचल मचा दी.

Advertisement

केकेआर को मुकाबला जीतने के लिए 148 रन का लक्ष्य मिला था और टीम को तेज शुरुआत देने की जिम्मेदारी फिन एलन पर थी. एलन ने शुरुआत में कुछ शानदार कट शॉट लगाए और दो बेहतरीन चौके जड़कर लय पकड़ने की कोशिश की. लेकिन दीपक चाहर ने अगली गेंदों में अपनी लाइन-लेंथ बदल दी.

चाहर ने एलन को ज्यादा जगह नहीं दी, लेकिन कीवी बल्लेबाज फिर भी कट शॉट खेलने चले गए. इस बार गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे स्टंप्स पर जा लगी और एलन की पारी खत्म हो गई. विकेट मिलते ही दीपक चाहर ने जेब से काल्पनिक 'नोट' निकालने का इशारा किया और उसे कैमरे की तरफ दिखाया. उनका यह सेलिब्रेशन देखते ही देखते वायरल हो गया.

आईपीएल में 'नोट सेलिब्रेशन' की शुरुआत पिछले सीजन में ज्यादा चर्चा में आई थी, जब सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने फैन्स के लिए खास मैसेज लिखा नोट दिखाया था. इसके बाद कई खिलाड़ियों ने इसे अपनाया. इस सीजन में रघु शर्मा ने भी ऐसा सेलिब्रेशन किया, जबकि उर्विल पटेल ने अपने पिता को समर्पित भावुक संदेश दिखाकर सुर्खियां बटोरी थीं.

Advertisement

हालांकि हर किसी को यह अंदाज पसंद नहीं आया. लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच में आकाश सिंह का यही सेलिब्रेशन पूर्व दिग्गज डेल स्टेन को बिल्कुल पसंद नहीं आया था. स्टेन ने साफ कहा था कि अब यह ट्रेंड पुराना हो चुका है और खिलाड़ियों को इसे बंद कर देना चाहिए.

सुनील गावस्कर ने भी आकाश सिंह पर तंज कसते हुए लाइव कमेंट्री में कहा था कि विकेट लेने के बाद दिखाने के लिए पर्ची जेब में रखने से बेहतर थोड़ा विनम्र रहना चाहिए. गावस्कर ने मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा था कि खिलाड़ी आखिर ये 'चिट्ठियां' कितने समय तक जेब में लेकर घूमते रहते हैं.

अब दीपक चाहर ने उसी ट्रेंड को मजाकिया ट्विस्ट देकर फिर चर्चा छेड़ दी है. फर्क सिर्फ इतना रहा कि इस बार असली पर्ची नहीं, बल्कि काल्पनिक नोट ने सोशल मीडिया का ध्यान खींच लिया. हालांकि दीपक चाहर ने मैच में रोवमैन पॉवेल का कैच भी छोड़ा, जिसकी खासा आलोचना हुई. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »