मैके में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच शनिवार यानी 22 अगस्त से शुरू हो चुका है. लेकिन इस टेस्ट मैच के पहले ही दिन कुछ ऐसा हुआ जिसकी कल्पना शायद ही किसी बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने सपने में भी की होगी.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद पहले सेशन के अंदर ही कुछ ऐसा हुआ जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. मिचेल स्टार्क की आग उगलती स्विंग और रफ्तार से बांग्लादेशी टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया.
महज 4 ओवरों के अपने शुरुआती स्पेल में मिचेल स्टार्क ने सिर्फ नाममात्र के रन देकर 5 मैन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. मैच की बिल्कुल पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को शिकार बनाकर स्टार्क ने अपने इरादे साफ कर दिए थे. टेस्ट इतिहास में यह चौथा बार था जब स्टार्क ने पहली ही बॉल पर विपक्षी टीम का विकेट उखाड़ने का काम किया हो.
बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर स्टार्क ने ढाया कहर
इसके बाद तंजीद हसन, कप्तान नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक और लिटन दास के पास स्टार्क की तूफानी गेंदों का कोई जवाब नहीं था. महज 24 गेंदों के भीतर आधी बांग्लादेशी टीम ड्रेसिंग रूम में लौट चुकी थी, जिससे मैच का रुख पहले ही सेशन में पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में झुक गया.
64 रनों पर सिमटी बांग्लादेश
डार्विन में मिली हार का गुस्सा स्टार्क ने अपनी गेंदबाजी से निकाला और महज 12 रन देकर 6 विकेट चटका दिए. उनकी इस घातक गेंदबाजी के दम पर पूरी बांग्लादेशी टीम पहली पारी में सिर्फ 64 रनों पर सिमट गई.
स्टार्क की वाइफ ने पूछा ऐसा सवाल
लंच ब्रेक के समय स्टार्क गेंदबाजी के बाद ब्रॉडकास्टर फॉक्स स्पोर्ट्स के माइक के सामने पहुंचे. वहां उनकी पत्नी और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान एलिसा हीली माइक थामे खड़ी थीं. माइक संभालते ही एलिसा हीली ने खेल की बातें बाद में कीं, पहले घर के बजट का मुद्दा उठा दिया. हीली ने चुटकी लेते हुए पूछा कि कल रात के डिनर का बिल तो मैंने भरा था तो क्या आज रात का बिल तुम्हारी तरफ से पक्का समझें? इस पर स्टार्क अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मुस्कुराते हुए बोले तुम मुझसे ज्यादा पैसे कमाती हो!
इसके बाद दोनों के बीच मैच को लेकर मजेदार बातचीत हुई. स्टार्क ने बताया कि पिछले हफ्ते की हार के बाद टीम में थोड़ा गुस्सा था. बांग्लादेश के खिलाफ स्टार्क का गुस्सा उनके इस प्रदर्शन में साफ दिखा. उन्होंने महज 22 गेंदों के भीतर अपने 5 विकेट पूरे किए और पहली ही गेंद पर विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किया.
स्टार्क ने रचा इतिहास
इस स्पेल के साथ ही स्टार्क टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 4 बार मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. इसके अलावा उन्होंने अपने 440 टेस्ट विकेट पूरे कर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डेल स्टेन (439 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है और ऑल-टाइम लिस्ट में 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क