वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच नॉर्थ साउंड के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में आयोजित टेस्ट मैच में कप्तान रोस्टन चेज और युवा बल्लेबाज आमिर जंगू ने इतिहास रच दिया. दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 401 रनों की साझेदारी कर टेस्ट क्रिकेट के 149 साल पुराने इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया.
यह पहली बार है जब किसी टेस्ट मैच में छठे विकेट के लिए 400 या उससे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप हुई. एक समय वेस्टइंडीज की टीम दबाव में थी और श्रीलंका मैच पर अपनी पकड़ मजबूत करता दिखाई दे रहा था. लेकिन इसके बाद रोस्टन चेज और आमिर जंगू ने ऐसा मोर्चा संभाला कि श्रीलंकाई गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. दोनों ने 602 गेंदों पर 401 रन जोड़ डाले. मैदान पर धैर्य, तकनीक और आक्रामकता का ऐसा मिश्रण देखने को मिला, जिसने श्रीलंका की सारी योजनाएं ध्वस्त कर दीं.
इससे पहले छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स के नाम था. दोनों ने 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट मेैच में छठे विकेट के लिए 399 रन जोड़े थे. करीब एक दशक तक अटूट रहा यह रिकॉर्ड अब टूट चुका है.
जंगू ने बनाए 233 रन, चेज दोहरे शतक से चूके
सिर्फ अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे आमिर जंगू ने ऐसी पारी खेली, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होगी. उन्होंने 19 चौके और तीन छक्के की मदद से 373 गेंदों पर 233 रन बनाए और श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली. यह सिर्फ दोहरा शतक नहीं था, बल्कि एक रिकॉर्ड तोड़ पारी भी थी. जंगू अब वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में वेस्टइंडीज के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
दूसरे छोर पर कप्तान रोस्टन चेज भी किसी से कम नहीं रहे. उन्होंने संयम और जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की. चेज ने 324 गेंदों पर 194 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और दो छक्के शामिल रहे. चेज की पारी ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्ले से भी टीम का नेतृत्व कर सकते हैं.
401 रनों की यह साझेदारी टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज की ओर से किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. इस सूची में शीर्ष पर कॉनराड हंटे और सर गैरी सोबर्स हैं, जिन्होंने 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 446 रन जोड़े थे.
401 रनों की यह पार्टनरशिप श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप भी है. इस मामले में न्यूजीलैंड के मार्टिन क्रो और एंड्रयू जोन्स के बीच हुई 467 रनों की साझेदारी टॉप पर है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क