न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. तीन मैचों में वह 139 रन खर्च करने के बावजूद सिर्फ एक विकेट ले सके हैं. हालांकि, भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इस तेज गेंदबाज का सपोर्ट किया है. उनका मानना है कि कुछ खराब प्रदर्शन के आधार पर भुवनेश्वर को खारिज करना सही नहीं है.
रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि भुवनेश्वर एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें पता होगा कि कहां सुधार की जरूरत है. क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. कभी गेंदबाज अपनी लय हासिल नहीं कर पाता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे चुका हुआ मान लिया जाए. रहाणे के मुताबिक, भुवनेश्वर खुद अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे और बेहतर करने की कोशिश करेंगे.
रहाणे ने भुवनेश्वर की वापसी को ही सबसे बड़ी बात बताया. उन्होंने कहा कि इस उम्र में भारतीय टीम में लौटना अपने आप में अहम है. एक गेंदबाज को कभी हार नहीं माननी चाहिए और अपना काम करते रहना चाहिए. रहाणे ने यहां तक कहा कि भुवनेश्वर अगले मैच में पांच विकेट भी ले सकते हैं और इससे चीजें तुरंत बदल सकती हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि भुवनेश्वर को अपनी क्षमताओं पर विश्वास है और वह अपने खेल पर विचार करने वाले खिलाड़ी हैं.
भुवनेश्वर ने सीरीज में नई गेंद से स्विंग हासिल करने की झलक जरूर दिखाई, लेकिन वह लय के लिए संघर्ष करते नजर आए. हालांकि, मौजूदा टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का दबदबा भी गेंदबाजों के सामने बड़ी चुनौती है.
भारत ने पहले टी20 में 225 रन का लक्ष्य हासिल किया. दूसरे मुकाबले में 180 रन का पीछा किया और तीसरे टी20 में 199 रन का लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 113 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 45 रन बनाए. दोनों ने पावरप्ले में ही 118 रन जोड़ दिए. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली और दो मुकाबले बाकी रहते सीरीज अपने नाम कर ली.
अर्शदीप सिंह की भी तारीफ
रहाणे ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि अर्शदीप अच्छी फॉर्म और लय में नजर आए हैं. उन्होंने पिछले मुकाबले और तीसरे टी20 में पावरप्ले के दौरान विकेट हासिल किए. रहाणे के मुताबिक, अर्शदीप भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी हैं. वह 100 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और 150 विकेट के आंकड़े के करीब पहुंच रहे हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा. सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम के पास बाकी दो मैचों में भुवनेश्वर के लिए अपनी लय हासिल करने और आलोचनाओं का जवाब देने का मौका होगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क