भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने बल्ले से ऐसा कहर बरपाया कि गेंदबाज सिर्फ तमाशबीन बनकर रह गए. हाल के समय में टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ी पारी नहीं खेल पाने वाले अभिषेक ने घरेलू क्रिकेट में अपनी पुरानी फॉर्म की झलक दिखा दी.
पंजाब स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर वनडे लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट 2026-27 में अमृतसर मेन सीनियर की ओर से खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने तरन तारन मेन सीनियर के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 91 गेंदों में 233 रन ठोक डाले. यह मुकाबला 2 अगस्त (रविवार) को अमृतसर के गांधी ग्राउंड्स पर खेला गया.
बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की यह इनिंग्स पूरी तरह विस्फोटक रही. उन्होंने अपनी 233 रनों की पारी में 25 छक्के और 15 चौके लगाए. यानी उन्होंने सिर्फ चौकों-छक्कों से ही 210 रन बटोर लिए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 256.04 रहा. पारी की शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी टीम के किसी भी गेंदबाज को लय में आने का मौका नहीं दिया.
तरन तारन के गेंदबाज अभिषेक शर्मा के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए. चाहे तेज गेंदबाज हों या स्पिनर, इस बल्लेबाज ने सभी के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार किया. मैदान के चारों ओर लगाए गए उनके लंबे-लंबे छक्कों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
अमृतसर की टीम ने बना दिए 533 रन
अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत अमृतसर मेन सीनियर ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 533 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. उनके अलावा सलामी बल्लेबाज अभय चौधरी ने 85 गेंदों में 93 रन, अभिनव शर्मा ने 33 गेंदों में 51 रन और साहिल शर्मा ने 20 गेंदों में 37 रन बनाए. वरिंदर सिंह लोहट ने 36 और सलिल अरोड़ा ने 29 रनों का अहम योगदान दिया.
अभिषेक शर्मा जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए थे. उन्होंने तीन पारियों को मिलाकर महज 11 रन बनाए थे. हालांकि अभिषेक की खराब फॉर्म का असर भारतीय टीम पर नहीं पड़ा था. भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की अगुवाई में वो सीरीज 3-0 से जीतने में कामयाब रही थी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क