भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई (बुधवार) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में आयोजित टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने खिलाड़ियों के साथ-साथ फैन्स का भी ध्यान खींच लिया. भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन लगातार दूसरे मैच में रन आउट हुए और इस बार उनकी गलती पर ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा अपना गुस्सा नहीं छिपा सके.
मुकाबले में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन सस्ते में पवेलियन लौट गए. संजू के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे ईशान किशन भी उसी ओवर में आउट हो गए. अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर ईशान ने मिडविकेट की ओर हल्का शॉट खेला और तेजी से रन लेने के लिए दौड़ पड़े. शुरुआत में अभिषेक शर्मा ने भी रन के लिए हामी भर दी, लेकिन तभी इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक तेजी से गेंद तक पहुंच गए. यह देखकर अभिषेक ने तुरंत ईशान को वापस लौटने का इशारा किया.
रन आउट का फैसला थर्ड अंपायर के पास गया. इसी दौरान अभिषेक शर्मा की नाराजगी स्टम्प माइक में साफ सुनाई दी.
अभिषेक शर्मा ने ईशान से कहा, 'तू पहुंचा कि नहीं.'
इस पर ईशान किशन ने कहा, 'मुझे नहीं पता.'
फिर अभिषेक शर्मा ने कहा, 'क्लोज.'
ईशान किशन ने जवाब दिया, 'क्लोज है.'
अभिषेक शर्मा ने कहा, 'क्या कर रहा है यार ईशान.'
ईशान किशन इसपर कहते हैं, 'आगे थी ना मेरी कॉल थी.'
अभिषेक शर्मा ने इसके बाद कहा, 'पर देख तो सही कहां खड़ा है वो.'
हालांकि रन आउट की घटना का असर अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी पर बिल्कुल नहीं दिखा. उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 59 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. अभिषेक ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी की. श्रेयस ने 47 गेंदों पर 68 रन बनाकर पारी को संभाला.
इस पारी के दौरान अभिषेक शर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में किसी फुल मेम्बर्स टीम के लिए सबसे कम गेंदों (785) में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के एविन लुईस का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
शिवम दुबे ने आखिर में 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए. लेकिन भारतीय पारी खत्म होते ही तेज बारिश शुरू हो गई. काफी इंतजार के बाद भी मौसम में सुधार नहीं हुआ और इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी. आखिरकार अंपायरों ने मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया. अब दोनों टीमें 4 जुलाई को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20I मुकाबले में आमने-सामने होंगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क