गुजरात के जूनागढ़ में गिरनार जंगल के पास बिलखा रोड पर एक रोमांचक नजारा देखने को मिला. शाम करीब सवा सात बजे जंगल से निकलकर तीन बब्बर शेर सड़क किनारे आ पहुंचे, जिससे वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई. उस समय सड़क पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही जारी थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया. कर्मचारियों ने सूझबूझ और सावधानी के साथ तीनों शेरों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करवाई. इसके बाद शेर आराम से दूसरी ओर जंगल में चले गए. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में कैद कर लिया. गिरनार क्षेत्र में अक्सर शेर जंगल से बाहर आ जाते हैं.