बिहार में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा होते ही उनके पैतृक गांव मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लखनपुर गांव में जश्न का माहौल बन गया. जैसे ही यह खबर गांव तक पहुंची, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरा गांव जश्न मनाने लगा. गांव में सम्राट चौधरी के पैतृक आवास पर महिलाओं और पुरुषों ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाया. इसके साथ ही मिठाइयां बांटी गईं और जमकर पटाखे फोड़े गए. पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. परिवार के सदस्यों ने इस मौके पर खुशी जताई. सम्राट चौधरी की भाभी अमृता चौधरी, भतीजी अंजनी कुमारी, चचेरे भाई देवनंदन चौधरी और मुकेश कुमार मंडल ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का पल है कि उनके परिवार का सदस्य बिहार का मुख्यमंत्री बना है.