30 जुलाई से आरंभ हुआ श्रावण मास 28 अगस्त 2026 तक चलेगा. हिंदू धर्म में सावन को शिव आराधना का सबसे श्रेष्ठ समय माना जाता है. कहते हैं कि सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक करने और व्रत रखकर पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर हो जाते हैं और इंसान की हर मनोकामना पूर्ण हो जाती है. इस साल सावन में चार सोमवार आने वाले हैं. खास बात यह है कि प्रत्येक सोमवार किसी न किसी शुभ योग या विशेष पर्व के साथ आ रहा है, जिससे इन दिनों का महत्व और बढ़ गया है.
सावन के चार सोमवार
पहला सावन सोमवार- 3 अगस्त 2026
इस दिन सुकर्मा योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का शुभ संयोग
दूसरा सावन सोमवार- 10 अगस्त 2026
इस दिन सोम प्रदोष व्रत का दुर्लभ संयोग
तीसरा सावन सोमवार- 17 अगस्त 2026
यह सोमवार नाग पंचमी के पावन पर्व के साथ पड़ रहा है.
चौथा सावन सोमवार- 24 अगस्त 2026
सर्वार्थ सिद्धि योग की छाया
1. पहला सोमवार आर्थिक समृद्धि का उपाय
यदि आप आर्थिक परेशानियों, कर्ज या धन संबंधी बाधाओं से राहत चाहते हैं तो पहले सावन सोमवार को भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक करें. तांबे या चांदी के पात्र में जल लें. उसमें थोड़ा कच्चा दूध और काले तिल मिलाकर श्रद्धापूर्वक शिवलिंग पर अर्पित करें.
2. दूसरे सोमवार शीघ्र विवाह का उपाय
यदि विवाह में लगातार विलंब हो रहा है या मनचाहे जीवनसाथी की इच्छा है, तो दूसरे सावन सोमवार का यह उपाय लाभकारी माना जाता है. 108 साबुत और बिना कटेफटे बेलपत्र लें. प्रत्येक बेलपत्र पर पीले चंदन से 'ॐ' या 'राम' लिखें. इसके बाद 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का उच्चारण करते हुए एकएक बेलपत्र शिवलिंग पर अर्पित करें.
3. तीसरे सोमवार आरोग्य वरदान का उपाय
तीसरे सावन सोमवार पर आरोग्य और मानसिक शांति की कामना से भगवान शिव की विशेष पूजा की जाती है. सबसे पहले शिवलिंग पर शुद्ध जल चढ़ाएं. इसके बाद शमी के पत्ते और दूर्वा अर्पित करें. फिर मंदिर या पूजा स्थल पर बैठकर 108 बार महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें.
4. चौथे सोमवार सुखी दांपत्य जीवन का उपाय
सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है. शिवलिंग का अभिषेक गन्ने के रस या केसर मिले दूध से करें. इसके बाद माता पार्वती को लाल चुनरी और सुहाग श्रृंगार की सामग्री श्रद्धा से अर्पित करें.
aajtak.in