Lucky Crystals: हर व्यक्ति चाहता है कि उसके घर में सुख-शांति बनी रहे और जीवन में तरक्की के नए रास्ते खुलें. इसके लिए लोग वास्तु के नियमों से लेकर फेंगशुई और रत्नों तक कई चीजों को अपनाते हैं. इन्हीं में क्रिस्टल यानी प्राकृतिक पत्थरों को भी खास महत्व दिया जाता है. मान्यता है कि अलग-अलग क्रिस्टल अपनी विशेष ऊर्जा के लिए जाने जाते हैं और इन्हें राशि के अनुसार घर में रखने से सकारात्मक माहौल बनाने में मदद मिल सकती है. कोई क्रिस्टल आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़ा है, तो किसी को प्रेम, मानसिक शांति और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. आइए जानते हैं 12 राशियों के लिए कौन-सा क्रिस्टल शुभ माना जाता है, इसे घर में किस जगह रखना बेहतर होता है.
1. मेष राशि (Aries)
शुभ क्रिस्टल: कार्नेलियन (Carnelian)
मेष राशि के जातक साहसी, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी माने जाते हैं. इनके लिए कार्नेलियन क्रिस्टल शुभ बताया गया है. मान्यता है कि यह पत्थर साहस, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है. इसे घर के लिविंग रूम या वर्कस्पेस में रखा जा सकता है. इससे काम के प्रति उत्साह बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है.
2. वृषभ राशि (Taurus)
शुभ क्रिस्टल: रोज क्वार्ट्ज (Rose Quartz)
वृषभ राशि के जातक स्थिरता, प्रेम और रिश्तों को महत्व देने वाले माने जाते हैं. इनके लिए गुलाबी रंग का रोज क्वार्ट्ज क्रिस्टल शुभ माना जाता है. इसे प्रेम और भावनात्मक संतुलन का प्रतीक कहा जाता है. मान्यता है कि इसे बेडरूम में रखने से रिश्तों में प्यार और आपसी समझ बढ़ाने वाला माहौल बनता है.
3. मिथुन राशि (Gemini)
शुभ क्रिस्टल: ब्लू लेस अगेट (Blue Lace Agate)
मिथुन राशि के लोग बातचीत करने और नई चीजें सीखने में रुचि रखते हैं. इनके लिए ब्लू लेस अगेट क्रिस्टल अच्छा माना जाता है. मान्यता है कि यह स्पष्ट बातचीत और मानसिक शांति से जुड़ा है. इसे घर के स्टडी रूम या ऑफिस डेस्क पर रख सकते हैं. इससे एकाग्रता और संवाद बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है.
4. कर्क राशि (Cancer)
शुभ क्रिस्टल: मूनस्टोन (Moonstone)
कर्क राशि का संबंध चंद्रमा से माना जाता है. इस राशि के जातकों के लिए मूनस्टोन क्रिस्टल शुभ बताया गया है. इसे भावनात्मक संतुलन, अंतर्ज्ञान और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. इसे तकिए के नीचे या बेडरूम में रखा जा सकता है. मान्यता है कि इसकी मौजूदगी से मन को शांत रखने में मदद मिलती है.
5. सिंह राशि (Leo)
शुभ क्रिस्टल: सिट्रीन (Citrine)
सिंह राशि के जातक आत्मविश्वासी और नेतृत्व करने की क्षमता रखने वाले माने जाते हैं. इनके लिए पीले रंग का सिट्रीन क्रिस्टल शुभ माना गया है. इसे धन, खुशहाली और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है. इसे घर के मुख्य लिविंग एरिया में रखना अच्छा माना जाता है. मान्यता है कि यह सकारात्मकता और उत्साह का प्रतीक है.
6. कन्या राशि (Virgo)
शुभ क्रिस्टल: अमेजोनाइट (Amazonite)
कन्या राशि के जातक व्यवस्थित और बारीकियों पर ध्यान देने वाले माने जाते हैं. इनके लिए अमेजोनाइट क्रिस्टल शुभ बताया गया है. मान्यता है कि यह तनाव कम करने, मानसिक संतुलन और स्पष्ट संवाद से जुड़ा है. इसे ऑफिस डेस्क या स्टडी टेबल पर रख सकते हैं. इससे काम के दौरान शांत और सकारात्मक माहौल बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है.
7. तुला राशि (Libra)
शुभ क्रिस्टल: रोडोनाइट (Rhodonite)
तुला राशि के जातक जीवन में संतुलन और रिश्तों में सामंजस्य को महत्व देते हैं. इनके लिए रोडोनाइट क्रिस्टल शुभ माना जाता है. इसे प्रेम, करुणा और भावनात्मक घावों से उबरने का प्रतीक माना जाता है. इसे घर के निजी स्थान या बेडरूम में रखा जा सकता है. मान्यता है कि यह रिश्तों में प्रेम और आपसी समझ को बढ़ावा देता है.
8. वृश्चिक राशि (Scorpio)
शुभ क्रिस्टल: ऑब्सिडियन (Obsidian)
वृश्चिक राशि के जातक जुनूनी और गहराई से सोचने वाले माने जाते हैं. इनके लिए काले रंग का ऑब्सिडियन क्रिस्टल शुभ बताया गया है. इसे नकारात्मक ऊर्जा से बचाव और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है. इसे घर के मुख्य दरवाजे के पास रखा जा सकता है. मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद मिलती है.
9. धनु राशि (Sagittarius)
शुभ क्रिस्टल: लैपिस लाजुली (Lapis Lazuli)
धनु राशि के जातक घूमने-फिरने, नई चीजें जानने और ज्ञान प्राप्त करने के इच्छुक माने जाते हैं. इनके लिए लैपिस लाजुली क्रिस्टल शुभ माना जाता है. इसे ज्ञान, बुद्धिमत्ता और आत्म-जागरूकता का प्रतीक कहा जाता है. इसे स्टडी रूम या किताबें पढ़ने वाली जगह पर रख सकते हैं.
10. मकर राशि (Capricorn)
शुभ क्रिस्टल: गार्नेट (Garnet)
मकर राशि के जातक मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित माने जाते हैं. इनके लिए गार्नेट क्रिस्टल शुभ बताया गया है. इसे आत्मविश्वास, ऊर्जा और सफलता की प्रेरणा से जोड़कर देखा जाता है. इसे घर के लिविंग रूम या ऑफिस में रखना अच्छा माना जाता है.
11. कुंभ राशि (Aquarius)
शुभ क्रिस्टल: एक्वामरीन (Aquamarine)
कुंभ राशि के जातक नए विचारों और रचनात्मक सोच के लिए जाने जाते हैं. इनके लिए हल्के नीले रंग का एक्वामरीन क्रिस्टल शुभ माना गया है. इसे मानसिक शांति, स्पष्टता और तनाव से राहत का प्रतीक माना जाता है. इसे घर के उस कोने में रख सकते हैं, जहां आप आराम करना पसंद करते हैं.
12. मीन राशि (Pisces)
शुभ क्रिस्टल: एमिथिस्ट (Amethyst)
मीन राशि के जातक संवेदनशील, कल्पनाशील और आध्यात्मिक विचारों वाले माने जाते हैं. इनके लिए बैंगनी रंग का एमिथिस्ट क्रिस्टल शुभ बताया गया है. इसे ध्यान, आध्यात्मिक जागरूकता और मानसिक शांति से जोड़कर देखा जाता है. इसे पूजा घर, मेडिटेशन कॉर्नर या बेडरूम में रखा जा सकता है.
घर में क्रिस्टल रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
- क्रिस्टल को साफ-सुथरी जगह पर रखें, ताकि उन पर धूल न जमे.
- जिस कमरे में क्रिस्टल रखें, वहां पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई हो.
- क्रिस्टल खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और असली होने की जांच जरूर करें.
- हर क्रिस्टल को धूप में रखना सही नहीं होता. कुछ पत्थरों का रंग तेज धूप से फीका पड़ सकता है.
aajtak.in