Hindu Nav Varsh 2026 Rashifal: हिंदू पंचांग के अनुसार, नए साल की शुरुआत चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से मानी जाती है. साल 2026 में यह तिथि 19 मार्च को पड़ रही है और इसी दिन से विक्रम संवत 2083 का आरंभ होगा. ज्योतिषीय गणनाओं के मुताबिक, इस नए संवत्सर को रौद्र संवत्सर कहा जा रहा है. हर नए संवत्सर में ग्रहों को अलग-अलग पद दिए जाते हैं. इस बार गुरु (बृहस्पति) को राजा और मंगल को मंत्री का स्थान मिला है. बृहस्पति को ज्ञान, धर्म और समृद्धि का ग्रह माना जाता है, जबकि मंगल ऊर्जा, साहस और शक्ति का प्रतीक है. ऐसे में यह साल कई लोगों के लिए नई शुरुआत और महत्वपूर्ण फैसले लेने का समय माना जा रहा है.
हिंदू नववर्ष की शुरुआत 19 मार्च यानी आज से शुरू हो चुका है. आज से ही विक्रम संवत 2083 का भी आरंभ हो रहा है. धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी. यही कारण है कि इस तिथि को बेहद शुभ और पवित्र माना जाता है. इसी दिन से पूरे वर्ष व्रत, त्योहार और धार्मिक कार्यक्रमों का नया क्रम शुरू हो जाता है.
हिंदू नववर्ष में 12 की जगह होंगे 13 महीने
साल 2026 की एक खास बात यह भी है कि इस वर्ष अधिक मास पड़ रहा है. इसके कारण पूरे साल में सामान्य 12 महीनों की जगह 13 महीने होंगे. ज्येष्ठ का अधिक मास 17 मई से 15 जून 2026 तक रहेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह समय पूजा-पाठ और आध्यात्मिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है. इस दौरान धैर्य और सोच-समझकर किए गए काम भविष्य में लाभ दे सकते हैं.
नव संवत्सर में जरूर करें ये शुभ काम (Hindu Nav Varsh 2026 Upay)
ज्योतिष के अनुसार, इस साल मेहनत और संयम का विशेष महत्व रहेगा. लोगों को अपने कामों की अच्छी योजना बनाकर आगे बढ़ना चाहिए. अनावश्यक खर्च से बचना और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी रहेगा. धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिल सकती है.
हिंदू नववर्ष 2026 लकी राशियां (Hindu Nav Varsh 2026 lucky rashiyan)
ज्योतिष विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल कुछ राशियों को विशेष लाभ मिल सकता है. मिथुन और तुला राशि के लोगों के लिए करियर और आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत मिल रहे हैं. नए अवसर और प्रोजेक्ट सामने आ सकते हैं. वहीं धनु और मीन राशि के जातकों को शिक्षा, ज्ञान और निवेश से जुड़ी चीजों में फायदा मिल सकता है. जो काम लंबे समय से रुके हुए थे, वे भी इस साल आगे बढ़ सकते हैं.
हालांकि, मकर राशि के लोगों को स्वास्थ्य और पैसों से जुड़े मामलों में थोड़ा सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. योजनाबद्ध तरीके से फैसले लेने पर बेहतर परिणाम मिल सकते हैं. बाकी राशियों के लोगों को भी ग्रहों की स्थिति को देखते हुए समझदारी और धैर्य के साथ कदम बढ़ाने की जरूरत होगी.
aajtak.in