देश के सबसे चर्चित कारोबारी परिवारों में शामिल अंबानी फैमिली अपनी अपार संपत्ति के साथ धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा में विश्वास के कारण लोकप्रिय है. परिवार के हर बड़े आयोजन में देवी-देवताओं की पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान देखने मिलते हैं. पिछले कुछ दशकों में अंबानी परिवार ने एक बड़ा बिजनेस एम्पायर भी खड़ा किया है. ऐसे में कई बार मन में सवाल आता है कि क्या अंबानी परिवार पर मां लक्ष्मी की कोई विशेष कृपा है. यह समझने के लिए आपको अंबानी परिवार की ईश्वर में आस्था को थोड़ा करीब से जानना होगा.
धन की देवी मां लक्ष्मी का वास उसी घर में होता है, जहां सात्विकता और सत्कर्मों पर विशेष ध्यान दिया जाता है. अंबानी परिवार का हर सदस्य इस मामले में आगे रहता है. घर के सभी लोग मंदिर में पूजा-पाठ, अनुष्ठान, व्रत, दान और सेवा कार्यों में खुलकर हिस्सा लेते हैं. घर के मुख्य द्वार से लेकर विभिन्न हिस्सों में भगवान की प्रतिमाएं उनकी आस्था को उजागर करती हैं. मां लक्ष्मी की इन पर खास कृपा है, इसका अंदाजा आप परिवार का रुतबा देखकर लगा सकते हैं.
क्या कहती है मुकेश अंबानी की कुंडली?
अंबानी परिवार पर मां लक्ष्मी की कृपा को मुकेश अंबानी की जन्म कुण्डली के षष्ठ भाव में शुक्र-केतु की युति से भी समझा जा सकता है. धन, वैभव और सम्पन्नता के कारक ग्रह शुक्र की सरलता और विरक्ति वाले ग्रह केतु के साथ युति दर्शाती है कि ऐसे व्यक्ति तभी धनी बन सकते हैं, जब उनमें धन के प्रति मोह न हो. और सेवा भाव व धार्मिक कार्यों में भी धन खर्च किया जाए. उनके षष्ठ भाव से सीधे व्यय भाव पर शुक्र की दृष्टि है.
दान-धर्म-सेवा में आगे
शुक्र-केतु की युति वाला व्यक्ति यदि धन के प्रति मोह और मन में सेवा भाव नहीं रखेगा तो लक्ष्मी उसके पास कभी टिक ही नहीं सकती. दशम यानि कर्म भाव में बैठे योग कारक ग्रह बृहस्पति की नौवीं दृष्टि शुक्र-केतु की युति पर पड़ने से मुकेश अंबानी अपने धन को सेवा, धार्मिक कार्यों में खर्च कर पा रहे हैं. वरना ज्यादातर लोग ऐसा नहीं कर पाते. अपने धन को सेवा और धार्मिक कार्यों में खर्च करने के लिए सिर्फ धनी होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भावना भी होना जरूरी है. संतान के विवाह में कई दिनों तक चलने वाला भंडारा, वनतारा में पशुओं की सेवा और उनके संरक्षण उनके इस सेवा भाव को दर्शाता है.
मुकेश अंबानी भगवान गणेश के भक्त हैं. पत्नी नीता अंबानी नवरात्र के पूरे नौ दिन व्रत रखती हैं. देवी की आराधना परिवार की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. मुकेश अंबानी की मां श्रीनाथजी की भक्त हैं. परिवार के मांगलिक आयोजनों में भी श्रीनाथजी के प्रति उनकी श्रद्धा दिखाई देती है. अनंत और राधिका की शादी के अवसर पर श्रीनाथजी से जुड़े धार्मिक प्रतीकों और परंपराओं को विशेष स्थान दिया गया था.
अंशु पारीक