हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के एक कथित बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम से तुलना करते हुए श्रीकृष्ण का अपमान किया है. इतना ही नहीं, उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने, बंसी बजाने और उनके वृंदावन धाम पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है. बागेश्वर बाबा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि हिंदू एकता की बात करने वाले किसी कथावाचक की ऐसी भाषा कितनी उचित है. हालांकि इस वीडियो को लेकर अभी तक धीरेंद्र शास्त्री की तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है.
भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, '...तु्म्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं. खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव. कमर कहीं लचकाएं. फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं. जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं. उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे. तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े.'
धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि हमारे भगवान का धाम भी एकदम सीधा- आयोध्या और तुम्हारे वाले का वृंदावन. वृंदावन शब्द उन्होंने जोर देते हुए कहा और अपने दोनों हाथ फैला दिए.
बंसी बजाने का भी बनाया मजाक
धीरेंद्र शास्त्री यहीं नहीं रुके. उन्होंने माइक पर गाते हुए कहा, 'बंसी का बजाना तो खेल भी है. लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं. तुम्हारे ठाकुर जी जो बंसी बजाते हैं वो कोई बड़ा काम नहीं है. बंसी तो यहां मंच पर मौजूद एक व्यक्ति भी बजा रहा है.' उन्होंने मंच पर मौजूद बांसुरी बजाने वाले कलाकार की तरफ इशारा करते हुए कहा.
इसके बाद धीरेंद्र शास्त्र बोले, 'जितने भी ठाकुर जी वाले यहां बैठे हैं. आज तो तुम्हारे ठाकुर जी की भी जय जयकार हो रही है. राम जी साधक यहां जितने भी लोग बैठे हैं. वो आज फूले नहीं समा रहे होंगे.'
धीरेंद्र शास्त्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. बहुत सारे यूजर उनके इस बयान की आलोचना कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'यह हमारे देश का दुर्भाग्य है कि हमारे देश में ऐसे मूर्ख लोगों को सम्मान दिया जाता है.' जबकि एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'ट्रिम्ड वीडियो डालकर विवाद को बढ़ावा देना चाहते हो. ये भगवान राम और कृष्ण की प्रशंसा ही हो रही है.'
aajtak.in