राजस्थान के सिरोही जिले के स्वरूपगंज थाना इलाके से गुजरने वाले फोरलेन हाइवे पर सोमवार अल सुबह खाद्य तेल से भरा एक टैंकर असंतुलित होकर पलट गया. टैंकर के पलटते ही उसमें भरा सैकड़ों लीटर तेल सड़क पर फैल गया और बहने लगा.
सुबह होने पर आसपास के लोगों की नजर सड़क पर बहते तेल पर पड़ी. देखते ही देखते लोग मौके पर जुटने लगे. जिसे जो बर्तन मिला, बाल्टी, केन, बोतल या अन्य बर्तन लेकर लोग टैंकर से बह रहे तेल को भरते नजर आए. कुछ ही समय में वहां तेल भरने की होड़ मच गई. भीड़ में महिला, बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल थे. आपदा को अवसर में बदलते हुए लोग तेल ले जाने में जुट गए.
तेल से भरा एक टैंकर पलटा
घटना की सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तेल भरने के लिए जुटी भीड़ को वहां से हटाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गई. थाना अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर गुजरात के कांडला से फूड ऑयल लोड कर आ रहा था. थाना क्षेत्र के धनारी हाइवे पर यह हादसा हुआ.
हादसे में घायल चालक अस्पताल में भर्ती
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. जांच पड़ताल की गई और तेल भरने पहुंचे लोगों को हटाया गया. हादसे में घायल चालक को अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
राहुल त्रिपाठी