मालखाने में हथियार जांचने के दौरान चली गोली, हेड कांस्टेबल के सिर से हुई आरपार, छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे हरपाल

खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना परिसर में मालखाने के अंदर अचानक गोली चलने से हेड कांस्टेबल हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली उनके सिर से आरपार हो गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां आईसीयू में इलाज चल रहा है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.

Advertisement
ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे हेड कांस्टेबल. (Photo: Screengrab) ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे हेड कांस्टेबल. (Photo: Screengrab)

हिमांशु शर्मा

  • खैरथल-तिजारा ,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:35 PM IST

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब थाने के मालखाने में अचानक गोली चल गई. इस घटना में मालखाना इंचार्ज और हेड कांस्टेबल हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली उनके सिर से आरपार हो गई, जिसके बाद उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. 

घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों में हड़कंप फैल गया. गोली चलने की आवाज सुनकर कई पुलिसकर्मी तुरंत मालखाने की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि हेड कांस्टेबल हरपाल बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे और गंभीर रूप से घायल थे.

Advertisement

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें बहरोड़ स्थित पार्क हॉस्पिटल पहुंचाया. अस्पताल में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. सिटी स्कैन के बाद उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाने की तैयारी की गई. अस्पताल में पुलिस अधिकारियों की भी मौजूदगी रही. अधिकारियों के अनुसार, 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल हरपाल मुंडावर थाने के मालखाने के इंचार्ज के रूप में कार्यरत थे. वे मांडण गांव के निवासी हैं. बताया गया कि हरपाल ने तीन दिन की छुट्टी पूरी करने के बाद उसी दिन सुबह ड्यूटी जॉइन की थी.

छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे हरपाल

परिवार के बारे में जानकारी के अनुसार, हरपाल के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को भी सूचित किया गया, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंच गए. घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.

Advertisement

इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया

एडिशनल एसपी जया सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर बनी हुई है. गोली किन परिस्थितियों में चली, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है. थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और मालखाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा. फिलहाल घायल हेड कांस्टेबल का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement