कोटा में मिड-डे मील बना मुसीबत! कद्दू की सब्जी खाते ही बिगड़ी 27 बच्चों की तबीयत, करना पड़ा अस्पताल में भर्ती

कोटा के रानपुर क्षेत्र के पूनिया देवरिया स्थित सरकारी स्कूल में सोमवार को मिड-डे मील खाने के बाद 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत की. 14 बच्चों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब बेहतर है.

Advertisement
अस्पताल में भर्ती बच्चे, जिनकी कद्दू की सब्जी खाने के बाद बिगड़ गई तबीयत. (Photo: Screengrabs) अस्पताल में भर्ती बच्चे, जिनकी कद्दू की सब्जी खाने के बाद बिगड़ गई तबीयत. (Photo: Screengrabs)

चेतन गुर्जर

  • कोटा,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:38 AM IST

कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र के पूनिया देवरिया स्थित सरकारी स्कूल में सोमवार को मिड-डे मील खाने के बाद 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत की. जिनमें से 14 बच्चों को उपचार के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. फिलहाल बच्चों की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. देर शाम शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर भी न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने भर्ती बच्चों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके उपचार एवं स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली.

खाना खाने के करीब दो घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
स्कूल इंचार्ज चंद्र प्रकाश मीणा के अनुसार स्कूल में सोमवार को करीब 110 बच्चे मौजूद थे. बच्चों को सुबह करीब 10 बजे मिड-डे मील परोसा गया था. खाना खाने के करीब दो घंटे बाद कुछ बच्चों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते करीब 27 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई.

इनमें से 14 बच्चों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. बताया गया कि फिलहाल 4-5 बच्चे ही अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी बच्चों की हालत में सुधार है.

Advertisement

9 स्कूलों में एक ही जगह से पहुंचा था खाना
स्कूल इंचार्ज ने बताया कि क्षेत्र के 9 स्कूलों में एक ही जगह से मिड-डे मील पहुंचता है. सोमवार को भी बच्चों के लिए खाना केवलनगर स्थित अन्नपूर्णा रसोई से आया था. इसके बावजूद अन्य स्कूलों में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना नहीं है. जिला शिक्षा अधिकारी रूप सिंह मीणा ने बताया कि 9 स्कूलों में एक ही जगह से खाना भेजा गया था. विभाग ने सभी स्कूलों से जानकारी ली है और फिलहाल केवल पूनिया देवरिया स्कूल में ही बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है. मौके पर मेडिकल टीम भी भेजी गई है.

अधिकारी ने कहा कि शुरुआती स्तर पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि बच्चों की तबीयत खाना खाने से ही बिगड़ी. मेडिकल जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. हालांकि स्कूल के बच्चों ने दावा किया कि कद्दू की सब्जी खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. 7वीं कक्षा के छात्र अर्जुन भील ने बताया कि कद्दू की सब्जी खाने के करीब दो घंटे बाद अचानक पेट दर्द और उल्टी होने लगी. इसके बाद स्कूल में मौजूद शिक्षक ने उसकी मदद की.

5वीं कक्षा की छात्रा प्रिया ने बताया कि सभी बच्चों ने खाना खाया था. सब्जी खाने के बाद उसे उल्टी हुई. इसके बाद वह घर चली गई, जहां से उसकी बुआ उसे अस्पताल लेकर पहुंची. चौथी कक्षा के छात्र राहुल ने बताया कि कद्दू की सब्जी खाने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह नीचे गिर गया. कुछ देर बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पर भी उसकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद स्कूल की ओर से उसे अस्पताल लाया गया.

Advertisement

बच्चों के बीमार होने की घटना पर बिरला ने दिए जांच के निर्देश
पूनिया देवली गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील के बाद 27 बच्चों के बीमार होने की घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चिंता जताई. उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर बच्चों के समुचित उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए.

बिरला ने घटना की तथ्यात्मक और निष्पक्ष जांच के साथ भोजन, पानी और अन्य संभावित कारणों के नमूने लेकर जांच कराने को कहा. उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए. साथ ही स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पानी की शुद्धता और भोजन वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने प्रभावित बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »