स्कूल का प्यार, विरोध… नाबालिग लड़का-लड़की ने दी जान, आखिरी स्टेटस ने रुलाया

अलवर के राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर सुरेर स्टेशन के पास नाबालिग युवक-युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे लेकिन परिवार सहमत नहीं था. युवक ने मरने से पहले सोशल मीडिया पर भावुक स्टेटस डाला. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
नाबालिग प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी (Photo: Himanshu Sharma/ITG) नाबालिग प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी (Photo: Himanshu Sharma/ITG)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:59 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले से एक बेहद दुखद और भावुक मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों में आ रही रुकावटों के चलते नाबालिग लड़के और लड़की ने जान दे दी. यह घटना राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर स्थित सुरेर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह हुई, जहां दोनों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस और रेलवे पुलिस, जीआरपी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए.

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों मृतक एक-दूसरे से बेहद प्रेम करते थे और एक ही स्कूल में पढ़ते थे. लड़के ने इसी साल 12वीं कक्षा पास की थी, जबकि लड़की 12वीं कक्षा में पहुंची थी. बताया जा रहा है कि दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिसके कारण दोनों मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे.

रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
 

घटना से पहले लड़के ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट, इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टेटस डाला था. इस स्टेटस में लिखा था कि अचानक मर भी गया तो दुखी मत होना मेरे दोस्त, वादा दोस्ती का किया था जिंदगी का नहीं. यह स्टेटस अब इस पूरे मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है और घटना को और भी संवेदनशील बना रहा है.

Advertisement

जीआरपी अलवर के डीएसपी नरेंद्र ने बताया कि उन्हें सुरेर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि एक नाबालिग लड़के और लड़की ट्रेन से रन ओवर हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई. एफएसएल टीम भी राजगढ़ चिकित्सालय पहुंची, जहां साक्ष्य एकत्र किए गए और मामले की जांच शुरू की गई.

मृतक युवक के पिता ने जीआरपी पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि शुक्रवार सुबह उनका बेटा बिना बताए घर से निकल गया था और गांव की एक लड़की के साथ सुरेर रेलवे स्टेशन पहुंच गया. दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाया. साथ ही उन्होंने इस मामले में किसी पर भी संदेह नहीं जताया है.

वहीं, मृतका युवती के पिता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी गुरुवार रात 11 बजे तक घर पर थी और सभी लोग एक ही कमरे में सोए हुए थे. सुबह करीब पांच बजे जब उनकी आंख खुली तो बेटी घर पर नहीं मिली. परिवार ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. बाद में पता चला कि वह गांव के ही लड़के के साथ सुरेर रेलवे स्टेशन गई थी, जहां दोनों ने आत्महत्या कर ली.

दोनों परिवारों की रिपोर्ट पर पुलिस ने शुरू की जांच

Advertisement

पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया. यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सामाजिक और पारिवारिक दबाव के बीच युवा किस तरह मानसिक तनाव का सामना करते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement