राजस्थान के अजमेर में चुनाव के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई. घटना आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज की है, जहां चुनावी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल ने अपनी ऑन-ड्यूटी सर्विस एसएलआर बंदूक से खुद को गोली मार ली. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है.
मृतक की पहचान नरेंद्र गोदारा के रूप में हुई है. वह वर्ष 2018 बैच के पुलिस कांस्टेबल थे और 9वीं आरएसी टोंक की 'ए' कंपनी में कार्यरत थे. अजमेर के एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि घटना शाम करीब 5 बजे से 5 बजकर 15 मिनट के बीच हुई. जानकारी के मुताबिक, 9वीं आरएसी टोंक की यह कंपनी 16 अक्टूबर से पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात थी. यहां जवानों की शिफ्ट शाम 5 बजे बदलती थी. इसी दौरान कांस्टेबल नरेंद्र गोदारा ने अपनी सर्विस एसएलआर से खुद को गोली मार ली.
ठुड्डी पर मारी गोली एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार, कांस्टेबल ने अपनी ठुड्डी पर गोली मारी थी. यही गोली के शरीर में प्रवेश करने का स्थान था. घटना के बाद मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई. स्ट्रांग रूम जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लैब और एमओबी की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. दोनों टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं और जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं.
घटनास्थल से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है. हालांकि, घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में कांस्टेबल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. नरेंद्र गोदारा की मौत के पीछे क्या वजह रही और घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं, इसका पता लगाने के लिए आगे का अनुसंधान किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने किसी कारण की पुष्टि नहीं की है.
किराए के मकान में रहता था कांस्टेबल
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र गोदारा अजमेर में घटनास्थल के पास ही एक किराए के मकान में रहता था. वह 9वीं आरएसी टोंक की 'ए' कंपनी का हिस्सा था और पिछले कुछ दिनों से चुनावी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात था. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जांच जारी है. एफएसएल और एमओबी की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
चंद्रशेखर शर्मा