जगन गुर्जर के परिजनों का मोर्चरी के बाहर धरना, CBI जांच पर अड़े, बोले- जेल में लापरवाही से हुई मौत, न्याय नहीं मिला तो पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद डकैत जगन गुर्जर का शव बैरक में मिलने के बाद मामला गरमा गया है. जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों ने धरना शुरू कर दिया है. परिजन सीबीआई जांच, भाई पप्पू गुर्जर के ट्रांसफर और परिवार को सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं. जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही गई है.

Advertisement
डकैत जगन गुर्जर की मौत पर हंगामा. (Photo: ITG) डकैत जगन गुर्जर की मौत पर हंगामा. (Photo: ITG)

चंद्रशेखर शर्मा

  • अजमेर ,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:10 PM IST

अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद डकैत जगन गुर्जर की बैरक में मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. वहीं अब इस मामले को लेकर परिजनों ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है. परिजनों ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने मृतक के भाई पप्पू गुर्जर का धौलपुर जेल में ट्रांसफर करने और पूरे परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है. परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे.

Advertisement

मृतक के परिजन प्रह्लाद खटाना ने जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उन्होंने सवाल उठाया है कि सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली हाई सिक्योरिटी जेल में घटना के समय सीसीटीवी कैमरे चालू क्यों नहीं थे या उनकी स्थिति क्या थी. परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले में गंभीर जांच जरूरी है.

जगन गुर्जर की मौत के बाद मामला गरमाया

धरने में जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम सहित अन्य परिजन भी मौजूद रहे. मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हैं और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से लगातार परिजनों से समझाइश की जा रही है.

पोस्टमार्टम रोकने पर अड़े मृतक के परिजन

अधिकारी उन्हें शांत करने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहे हैं, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर बातचीत जारी है और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »