जिस बिहार की चर्चा अक्सर गरीबी, पलायन, बेरोजगारी, अपराध और पिछड़ेपन के संदर्भ में होती रही है, उसी बिहार की राजधानी पटना के एक संग्रहालय ने दुनिया के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्थानों के बीच अपनी जगह बना ली है. बिहार म्यूजियम को वर्ष 2026 की ‘वर्ल्ड्स 100 बेस्ट म्यूजियम’ सूची में नौवां स्थान मिला है. यह एशिया का सर्वोच्च स्थान पाने वाला संग्रहालय है और इस सूची के शीर्ष सौ में शामिल होने वाला भारत का अकेला संग्रहालय है. पेरिस के लौवर और न्यूयॉर्क के मेट जैसे विश्वविख्यात संग्रहालयों के बीच पटना के बिहार म्यूजियम का नाम आना किसी भी भारतीय के लिए गर्व का विषय है. यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इसने बिहार की पहचान को उसके पारंपरिक राजनीतिक और आर्थिक विमर्श से बाहर निकालकर इतिहास, कला और संस्कृति के वैश्विक मंच पर पहुंचाया है.
बिहार की पहचान उसके गौरवशाली अतीत से जुड़ी रही है. मगध साम्राज्य, मौर्य और गुप्त काल, नालंदा और विक्रमशिला जैसे शिक्षा केंद्र, बौद्ध और जैन परंपराओं की इस धरती ने दुनिया को बहुत कुछ दिया है. लेकिन विडंबना यह रही कि आधुनिक दौर में बिहार अपने इसी इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत नहीं कर पाया. एक समय ऐसा भी आया जब बिहार की चर्चा 'जंगल राज' और राजनीतिक अस्थिरता के पर्याय के रूप में होने लगी. राज्य की छवि बदलने की चुनौती केवल सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था सुधारने तक सीमित नहीं थी. जरूरी था कि बिहार अपनी ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक आत्मविश्वास को भी नए सिरे से स्थापित करे.
इसी संदर्भ में बिहार म्यूजियम की परिकल्पना को देखना चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस परियोजना को अपनी महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल किया. वर्ष 2013 के आसपास इसे आकार देने की दिशा में ठोस काम आगे बढ़ा. हालांकि इसकी मूल परिकल्पना इससे पहले शुरू हो चुकी थी. इसका उद्देश्य महज पुरानी मूर्तियों और ऐतिहासिक वस्तुओं को एक इमारत में जमा करना नहीं था, बल्कि ऐसा आधुनिक संग्रहालय बनाना था जो बिहार के इतिहास को विश्वस्तरीय प्रस्तुति के साथ सामने रख सके. जापानी वास्तुकार फुमिहिको माकी और भारतीय सहयोगियों की भागीदारी ने इस परियोजना को अंतरराष्ट्रीय वास्तुशिल्प दृष्टि भी दी. संग्रहालय के कुछ हिस्से 2015 में जनता के लिए खोले गए और शेष प्रमुख दीर्घाओं का उद्घाटन 2017 में हुआ. इस तरह एक राजनीतिक संकल्प को संस्थागत रूप देने में कई वर्षों की योजना, प्रशासनिक प्रयास और विशेषज्ञता लगी.
नीतीश कुमार को बिहार की छवि बदलने के प्रयासों का श्रेय दिया जाता रहा है. कानून-व्यवस्था, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उनके कार्यकाल को लेकर बहस और आलोचनाएं अपनी जगह हैं. लेकिन बिहार म्यूजियम जैसी परियोजना को उनकी सांस्कृतिक दृष्टि और प्रशासनिक प्राथमिकता के उदाहरण के रूप में देखा जाना चाहिए. किसी सरकार की उपलब्धियों का आकलन केवल तात्कालिक घोषणाओं से नहीं होता. कुछ परियोजनाएं ऐसी होती हैं जिनका महत्व सरकार बदलने के बाद भी बना रहता है. संग्रहालय उसी श्रेणी की सार्वजनिक संस्था है. इसे बनाने का निर्णय एक सरकार लेती है, लेकिन इसकी उपयोगिता आने वाली पीढ़ियों को मिलती है.
इस उपलब्धि का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि भारत के कई बड़े विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान, शोध केंद्र और अस्पताल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. वैश्विक रैंकिंग में भारतीय संस्थानों की सीमित उपस्थिति पर अक्सर चिंता जताई जाती है. ऐसे समय में बिहार जैसे राज्य का संग्रहालय दुनिया के शीर्ष दस में जगह बना ले, तो यह बताता है कि अंतरराष्ट्रीय पहचान केवल महानगरों या संपन्न राज्यों की बपौती नहीं है. सही योजना, पेशेवर प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण संग्रह और प्रभावी प्रस्तुति के जरिए छोटे शहरों में भी विश्वस्तरीय संस्थान खड़े किए जा सकते हैं.
बिहार म्यूजियम की यह सफलता उसकी इमारत भर की सफलता नहीं है. इसके भीतर रखी ऐतिहासिक धरोहरें बिहार की सभ्यता की लंबी यात्रा का परिचय देती हैं. प्राचीन मूर्तियां, पुरातात्विक अवशेष, पांडुलिपियां, सिक्के और लोककलाएं उस समाज की कहानी कहती हैं जिसने भारतीय इतिहास और संस्कृति को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. दीदारगंज यक्षी जैसी ऐतिहासिक कलाकृति इस संग्रहालय की विशिष्ट पहचान है. बच्चों के लिए अलग दीर्घा और आधुनिक ढंग से तैयार प्रदर्शनियां इसे केवल शोधकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि आम दर्शकों और नई पीढ़ी के लिए भी उपयोगी बनाती हैं.
हालांकि इस उपलब्धि को लेकर एक सावधानी भी जरूरी है. ‘वर्थ अ जर्नी’ की यह रैंकिंग एक यात्रा प्रकाशन की ओर से जारी सूची है, जो अपने आंकड़ों, एल्गोरिदम और प्रत्यक्ष निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई है. इसे दुनिया के सभी संग्रहालयों की निर्विवाद अकादमिक रैंकिंग मान लेना उचित नहीं होगा. लेकिन इससे उपलब्धि का महत्व कम नहीं हो जाता. किसी अंतरराष्ट्रीय सूची में पटना के संग्रहालय का इस स्तर पर पहुंचना अपने आप में बड़ी बात है. अब चुनौती इस पहचान को लगातार बेहतर अनुभव, संरक्षण, शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में बदलने की है.
बिहार म्यूजियम को मिली पहचान बिहार के लिए एक अवसर भी है और एक संदेश भी. अवसर इस बात का कि राज्य अपने इतिहास, पुरातत्व और सांस्कृतिक पर्यटन को नई अर्थव्यवस्था का आधार बना सकता है. संदेश यह कि बिहार की पहचान केवल अतीत के गौरव या वर्तमान की समस्याओं से तय नहीं होनी चाहिए. यहां आधुनिक विश्वविद्यालय, बेहतर अस्पताल, शोध संस्थान, तकनीकी केंद्र और उद्योग भी उसी महत्वाकांक्षा के साथ विकसित होने चाहिए, जिसके साथ इस संग्रहालय की कल्पना की गई थी.
बिहार को मुख्यधारा में लाने का अर्थ केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व या आर्थिक सहायता बढ़ाना नहीं है. इसका अर्थ है कि बिहार के युवा को अपने राज्य में अवसर मिले, यहां के संस्थान दुनिया में सम्मान हासिल करें और यहां की सांस्कृतिक विरासत वैश्विक संवाद का हिस्सा बने. पटना का बिहार म्यूजियम इस दिशा में एक उल्लेखनीय उदाहरण है. इसने दुनिया को बताया है कि बिहार केवल इतिहास का विषय नहीं, बल्कि इतिहास को सहेजने और भविष्य के सामने प्रस्तुत करने की क्षमता भी रखता है.
जिस राज्य को कभी पिछड़ेपन के चश्मे से देखा जाता था, उसके संग्रहालय का दुनिया में नौवां स्थान हासिल करना सचमुच गौरव का क्षण है. अब इस उपलब्धि को एक अपवाद बनाकर नहीं, बल्कि नए बिहार की विकास-दृष्टि का मानक बनाकर देखना चाहिए. बिहार म्यूजियम ने दुनिया के नक्शे पर अपनी जगह बना ली है. सवाल है कि क्या बिहार अब अपने विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, शोध संस्थानों और उद्योगों को भी इसी स्तर की महत्वाकांक्षा और गुणवत्ता के साथ खड़ा कर पाएगा?
संयम श्रीवास्तव