ओडिशा के मयूरभंज जिले में मां और उसकी 8 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.
दरअसल, यह घटना मयूरभंज जिले के महुलडीहा थाना क्षेत्र के तारामारा पंचायत स्थित मुक्ताझारी गांव की है. मृतकों की पहचान 36 वर्षीय सीतामणि टुडू और उनकी 8 वर्षीय बेटी जवामणि टुडू के रूप में हुई है.
यह भी पढ़ें: ओडिशा के मयूरभंज में महिला से गैंगरेप, प्रदेश में तीन दिन में तीसरा मामला
पुलिस के मुताबिक, बच्ची का शव गला कटी अवस्था में मिला, जबकि महिला के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं. दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.
पति घर लौटा तो सामने आया खौफनाक मंजर
पुलिस के अनुसार, महिला का पति चैतन टुडू शनिवार सुबह करीब 10 बजे किसी काम से पास के गांव गया था. उस समय घर में उसकी पत्नी और बेटी मौजूद थीं.
करीब दोपहर 2 बजे जब वह वापस लौटा तो घर के अंदर पत्नी और बेटी के शव पड़े मिले. यह देखकर उसके होश उड़ गए. इसके बाद उसने तुरंत गांव वालों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही महुलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
हत्या के बाद आत्महत्या या डबल मर्डर?
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला ने पहले धारदार हथियार से अपनी बेटी का गला काटा और बाद में खुद पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस अभी इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
महुलडीहा थाना प्रभारी तुषार रंजन नायक ने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है. इसलिए हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि रविवार को बारिपदा से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचेगी. टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है या फिर मां-बेटी की हत्या किसी अन्य व्यक्ति ने की है.
पति की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस ने कहा है कि फिलहाल किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है. जांच के दौरान महिला के पति चैतन टुडू की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह और अपराध में किसकी भूमिका है, इसका खुलासा विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in