पेपर लीक और परीक्षाओं को लेकर जारी छात्रों के आंदोलन के बीच ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजेडी) के प्रमुख नवीन पटनायक ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा देश के लाखों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का एकमात्र रास्ता है. किसी भी विकसित देश की नींव मजबूत शिक्षा व्यवस्था और पारदर्शी व विश्वसनीय परीक्षा सिस्टम पर टिकी होती है. भारत ने भी अपनी शिक्षा व्यवस्था की बदौलत काफी तरक्की की है, लेकिन आज इस व्यवस्था से लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है.
सोशल मीडिया पोस्ट में नवीन पटनायक ने लिखा कि 'भारत की शिक्षा व्यवस्था ने बेहतरीन डॉक्टर, वैज्ञानिक, इंजीनियर, शिक्षक और इनोवेटर तैयार किए हैं, जिन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया है. लेकिन आज इस व्यवस्था पर लोगों का भरोसा टूट चुका है. यह नुकसान सिर्फ एक परीक्षा के असफल होने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने पूरी शिक्षा व्यवस्था की नींव पर लोगों का विश्वास हिला दिया है. इससे मेहनती और योग्य छात्रों को यह संदेश जाता है कि अब उनकी मेहनत की कोई कीमत नहीं रही. इसके साथ ही गरीबी से बाहर निकलने का उनका सबसे बड़ा सहारा भी उनसे छिन जाता है. जो देश अपनी परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता से समझौता करता है, वह अपने भविष्य से भी समझौता करता है.'
उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को संसद में उठाया जाना चाहिए. लोकतंत्र के मंदिर संसद में इस पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए, ताकि ऐसे ठोस सुधार किए जा सकें जिससे भविष्य में पेपर लीक, परीक्षाओं में खामियां और व्यवस्था की विफलता दोबारा न हो. इसके साथ ही इस भरोसे के संकट के लिए जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए.
छात्रों के साथ बातचीत पर जोर
नवीन पटनायक ने राजनीति से ऊपर उठकर सरकार से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सार्थक संवाद शुरू करने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने विचार रखने के लिए मंच दिया जाना चाहिए. एक लोकतंत्र संवाद से आगे बढ़ता है, खामोशी से नहीं. जब बात देश के युवाओं की हो, तब यह संवाद और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है. भारत के बच्चे और युवा हमसे नेतृत्व की उम्मीद कर रहे हैं और हम उन्हें निराश नहीं कर सकते.
बीजेडी छात्रों के साथ है
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं से ईमानदारी और खुले मन से किया गया संवाद लोकतंत्र, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को आकार देने वाले नेतृत्व में लोगों का भरोसा बहाल करने में मदद करेगा. नवीन पटनायक ने कहा कि बीजू जनता दल (बीजेडी) देश के युवाओं और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है.
aajtak.in