ओडिशा में भुवनेश्वर के खंडगिरी थाना क्षेत्र के कोलाथिया इलाके में हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में लिया है. दोनों क्रमशः 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र हैं. पुलिस ने दोनों को पकड़ने के बाद घटनास्थल पर ले जाकर पूरी घटना का रिक्रिएशन भी कराया.
ट्विन सिटी पुलिस कमिश्नर सुरेश देव दत्ता सिंह ने बताया कि यह मामला किसी गैंग की दुश्मनी का नहीं था. पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना लंबे समय से चल रहे एक निजी विवाद की वजह से हुई.
पुलिस के मुताबिक, मृतक कृष्ण प्रसाद पाधी बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था. आरोप है कि वह पिछले करीब एक साल से आरोपियों की एक सहपाठी छात्रा को परेशान कर रहा था. इसी बात से नाराज होकर दोनों छात्रों ने कृष्ण से बदला लेने की योजना बनाई.
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी देर रात कृष्ण के घर पहुंचे. उन्होंने अपने चेहरे ढंक रखे थे. उनके पास लोहे की रॉड और मिर्च पाउडर भी था. घर पहुंचते ही दोनों ने कृष्ण पर हमला कर दिया. मारपीट में कृष्ण की मौत हो गई. जब उसके पिता हिमांशु पाधी और बहन तपसी पाधी उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया. तीनों को इलाज के लिए एम्स भुवनेश्वर ले जाया गया. वहां हिमांशु पाधी की भी मौत हो गई, जबकि तपसी पाधी का इलाज अभी चल रहा है.
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिगों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. लेकिन जांच में यह साफ हुआ कि हमला पहले से योजना बनाकर किया गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, दूसरे सबूत और लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है. दोनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.
अजय कुमार नाथ