ओडिशा में दर्दनाक मौत... रास्ते में पेट्रोल खत्म होने से रुकी एंबुलेंस, युवक ने तोड़ा दम

ओडिशा में कटक से भुवनेश्वर ले जाए जा रहे एक 27 साल की युवक की मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि रास्ते में एंबुलेंस का ईंधन खत्म हो गया और दूसरी एंबुलेंस आने में करीब 30 मिनट लग गए. इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर भी खाली हो गया. घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और ईंधन संकट को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

Advertisement
ओडिशा में ईंधन खत्म होने से रुकी एंबुलेंस में मरीज की मौत हो गई (Photo: ITG) ओडिशा में ईंधन खत्म होने से रुकी एंबुलेंस में मरीज की मौत हो गई (Photo: ITG)

अनमोल नाथ

  • भुवनेश्वर, ओडिशा,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:41 PM IST

ओडिशा में एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है. एक 27 साल के युवक की कथित तौर पर इसलिए मौत हो गई क्योंकि उसे ले जा रही प्राइवेट एंबुलेंस का रास्ते में पेट्रोल खत्म हो गया. परिवार का आरोप है कि युवक ऑक्सीजन सपोर्ट पर था, लेकिन एंबुलेंस लंबे समय तक सड़क पर खड़ी रही. इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर भी खाली हो गया और युवक ने दम तोड़ दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

मृतक युवक की पहचान प्रकाश कुमार तांडी के रूप में हुई है. वह ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, उसने कथित तौर पर जहर खा लिया था, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी. पहले उसका इलाज कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा था.

परिवार के लोगों का कहना है कि डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया था. इसके बाद उसे प्राइवेट एंबुलेंस से कटक से भुवनेश्वर ले जाया जा रहा था. उस समय उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था.

घटना कथाजोड़ी नदी के पुल पर हुई. परिवार का आरोप है कि अचानक एंबुलेंस बीच रास्ते में रुक गई क्योंकि उसका ईंधन खत्म हो गया था. पुल के ऊपर ट्रैफिक के बीच एंबुलेंस खड़ी हो गई और मरीज अंदर ऑक्सीजन पर था.

Advertisement

परिवार के मुताबिक, उन्होंने तुरंत मदद मांगनी शुरू की. दूसरी एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन दूसरी गाड़ी को वहां पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए. इस दौरान मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही.

परिजनों का दावा है कि जब तक दूसरी एंबुलेंस पहुंची, तब तक पहली एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर भी खाली हो चुका था. उनका आरोप है कि ऑक्सीजन खत्म होने के बाद प्रकाश कुमार तांडी की मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: ईंधन महंगा तो सफर भी महंगा! ओडिशा में बस किराए में बढ़ोतरी, यात्रियों पर सीधा असर

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एंबुलेंस पुल पर खड़ी दिखाई दे रही है. आसपास ट्रैफिक चल रहा है और परिवार के लोग और वहां मौजूद लोग मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.

इस घटना के बाद राज्य की इमरजेंसी मेडिकल व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. लोग पूछ रहे हैं कि आखिर एक गंभीर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस बिना पर्याप्त तेल के कैसे भेज दी गई. साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि बैकअप व्यवस्था क्यों नहीं थी.

मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है. ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता भक्त चरण दास ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने इस घटना को प्रशासन की बड़ी नाकामी बताया.

Advertisement

भक्त चरण दास ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रास्ते में एंबुलेंस का ईंधन खत्म हो जाना और मरीज की जान चले जाना बेहद डरावनी तस्वीर दिखाता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दावे पर भी सवाल उठाया जिसमें कहा गया था कि सब कुछ नियंत्रण में है.

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भुवनेश्वर और कटक में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगने और लोगों में घबराहट की खबरें सामने आ रही हैं. हालांकि सरकार लगातार कह रही है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है.

ओडिशा के विज्ञान और तकनीक मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने पहले कहा था कि राज्य में कम से कम 13 दिनों का पर्याप्त ईंधन मौजूद है. उन्होंने लोगों से घबराकर पेट्रोल खरीदने से बचने की अपील भी की थी.

बीजू जनता दल ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है. पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की चिंता को सही तरीके से संभालने में नाकाम रही है.

अब मृतक के परिवार ने पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग की है. परिवार जानना चाहता है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई. फिलहाल प्रशासन की तरफ से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »