उज्जैन से इंदौर जा रही वंदे भारत पर पथराव, आधा दर्जन कोच के शीशे टूटे, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

उज्जैन में वंदे भारत ट्रेन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे कई कोचों के शीशे टूट गए. घटना हरिफाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई. ट्रेन में सवार यात्री घबरा गए. आरपीएफ ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है. घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई.

Advertisement
वंदे भारत ट्रेन पर हुआ पथराव. (Photo: Screengrab) वंदे भारत ट्रेन पर हुआ पथराव. (Photo: Screengrab)

संदीप कुलश्रेष्ठ

  • उज्जैन ,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:37 PM IST

मध्य प्रदेश के उज्जैन में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर अचानक पत्थर बरसा दिए, जिससे यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना में आधा दर्जन कोचों की खिड़कियों के शीशे टूट गए. राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई. घटना उज्जैन स्टेशन से करीब 250 मीटर दूर गदा पुलिया के पास हरिफाटक रेलवे क्रॉसिंग की बताई जा रही है. 

Advertisement

जानकारी के अनुसार यह घटना 25 मई सोमवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे हुई. उस समय वंदे भारत ट्रेन उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना हुई थी. ट्रेन जैसे ही स्टेशन से आगे हरिफाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, पहले से मौजूद कुछ बदमाशों ने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया.

अचानक हुए हमले से ट्रेन में बैठे यात्री घबरा गए. कई यात्रियों को शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है. पत्थर सीधे कोचों की खिड़कियों से टकराए, जिससे कई शीशे टूट गए और कुछ में दरारें आ गईं. घटना के बाद कुछ देर के लिए ट्रेन में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. बताया जा रहा है कि पथराव में ई-1, ई-2, सी-6, सी-7, सी-8 और सी-9 कोचों के शीशों को नुकसान पहुंचा है. कुछ कोचों के शीशे पूरी तरह टूट गए, जबकि कुछ में क्रैक आ गए. ट्रेन के स्टाफ और अटेंडर ने तुरंत मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ को दी.

Advertisement

CCTV फुटेज में रेलवे ट्रैक के पास दिखे संदिग्ध

घटना रात के समय हुई थी, इसलिए सुरक्षा कारणों और संचालन को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया. ट्रेन अपने निर्धारित रूट पर आगे बढ़ती रही. हालांकि घटना के बाद यात्रियों में डर का माहौल बना रहा. मामले की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी. रेलवे सुरक्षा बल ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध रेलवे ट्रैक के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए हैं. इन्हीं फुटेज के आधार पर अब आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना में पांच से अधिक कोचों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं. हालांकि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, जो राहत की बात है. यदि पत्थर किसी यात्री को लग जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. रेलवे ट्रैक और क्रॉसिंग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर भी चर्चा हो रही है. वंदे भारत ट्रेन देश की प्रमुख और आधुनिक ट्रेनों में गिनी जाती है. ऐसे में इस तरह की घटनाएं रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं.

Advertisement

आरपीएफ ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज किया मामला

यात्रियों का कहना है कि रेलवे को संवेदनशील इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. फिलहाल आरपीएफ की टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »