MP: मरीजों की जान से खिलवाड़, सिंगरौली के अस्पताल में इलाज करता मिला गार्ड

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों को ड्रिप लगाने का वीडियो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अनुपस्थिति व गार्ड और वार्ड बॉय से इलाज कराने के आरोप लगाए हैं.

Advertisement
अस्पताल में मरीजों का इलाज करता डॉक्टर. (Photo: Hariom Singh/ITG) अस्पताल में मरीजों का इलाज करता डॉक्टर. (Photo: Hariom Singh/ITG)

हरिओम सिंह

  • सिंगरौली,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:00 PM IST

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक सुरक्षा गार्ड मरीजों को ड्रिप लगाते हुए दिखाई दे रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चितरंगी अस्पताल की व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है. उनका कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी अक्सर गार्ड और वार्ड बॉय जैसे कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दी जाती है. लोगों का दावा है कि यह पहली बार नहीं है, जब ऐसी घटना सामने आई हो. इससे पहले भी वार्ड बॉय द्वारा मरीजों को इंजेक्शन लगाने और ड्रिप चढ़ाने के वीडियो वायरल हो चुके हैं.

अक्सर ड्यूटी से गायब रहते हैं डॉक्टर और स्टाफ
स्थानीय निवासी राकेश ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर और जिम्मेदार स्टाफ अक्सर ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहते, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. वायरल वीडियो ने एक बार फिर अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस समय सुरक्षा गार्ड मरीज को ड्रिप लगा रहा था, उस दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ कहां थे? लोगों का कहना है कि यदि प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की जगह अन्य कर्मचारी इलाज संबंधी कार्य करेंगे तो इससे मरीजों की जान को खतरा हो सकता है.

CMHO ने अस्पताल प्रबंधन से मांगा जवाब
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगरौली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) पुष्पराज सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने बताया कि चितरंगी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को पत्र भेजकर पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय नर्सिंग स्टाफ कहां था. सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराने वाली संस्था को भी नोटिस जारी किया गया है.

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. उनका कहना है कि गार्ड के भरोसे इलाज करवाया जा रहा है, अगर कुछ इधर-उधर हो गया तो जवाब कौन देगा? 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »