मध्यप्रदेश में सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. बैंक कॉलोनी के एक किराए के मकान में 11 साल के मासूम सूरज (उर्फ बादल) की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. हत्यारे ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मासूम का गला हसिया (हसुली) से काट दिया . पहचान छिपाने के लिए उसके शव को घर में ही रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक के ड्रम में भरकर ऊपर से कपड़े ठूंस दिए.
दीवारों और तकिए पर खून के छींटे
घटना का खुलासा तब हुआ जब मासूम की माँ और बहन काम से घर लौटीं और काफी तलाश के बाद भी बच्चा कहीं नहीं मिला. घर का ताला बंद होने और अन्दर से कूलर चलने की आवाज़ आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. पुलिस की मौजूदगी में जब ताला तोड़ा गया, तो भीतर का नजारा देख हर कोई दहल गया. घर की दीवारों और तकिए पर खून के छींटे बिखरे हुए थे और ड्रम से बहते खून ने मौत की खौफनाक दास्तान बयां कर दी.
मां के सिरफिरे आशिक की करतूत?
मासूम सूरत अभी हाल ही में पांचवीं कक्षा पास कर नई उम्मीदों के साथ छठी कक्षा में कदम रखने वाला था, लेकिन उससे पहले ही एक सरफिरे ने उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी गई.
इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य संदिग्ध मथुरा रजक बताया जा रहा है, जो पास में ही प्रेस (इस्त्री) की दुकान चलाता है. परिजनों का आरोप है कि मथुरा मृतक की मां पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने रंजिशवश इस मासूम को अपना निशाना बनाया लिया.
आरोपी की तलाश में दबिश जारी
घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.पुलिस अधिकारी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है जिसपर मामले की गहन जांच जारी है.वहीं इस दिल दहला देने वाली घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे घटनाक्रम से अब सतना में सुरक्षा व्यवस्था और समाज की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
मृतक की मां आशा ने बताया कि जब मैं काम से घर लौटी, तो घर का ताला लगा हुआ था. अंदर लाइट और पंखा चल रहा था. उन्होंने अपने बेटे बादल को बहुत ढूंढा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. फिर उन्होंने अपनी बड़ी बेटी और दुकान के पास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को कुछ पता नहीं था.
अक्सर गुस्से में रहता था आरोपी
महिल को शक हुआ कि मथुरा रजक, जो अक्सर गुस्से में रहता था वह बच्चे को कहीं ले गया होगा. उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई. जब पुलिस के साथ घर का ताला तोड़ा गया, तो उन्हें कुछ संदिग्ध नहीं मिला. लेकिन फिर उनकी नजर एक तकिए पर पड़ी, जिस पर खून के धब्बे थे.पीड़िता ने बताया कि आरोपी की दुकान हमेशा खुली रहती थी, लेकिन आज वह भी बंद थी.
मृतक की बहन सेजल रजक ने बताया कि वह सुबह 11:00 बजे घर से काम के सिलसिले में निकली थी. उनकी मां सुबह 6:00 बजे ही काम पर चली गई थीं. दोपहर करीब 12:30 बजे मां का फोन आया कि वह घर पहुंच गई हैं, लेकिन घर पर ताला लगा है और बादल (सूरज) कहीं दिखाई नहीं दे रहा है.
कमरे में नीला ड्रम और बहता खून
बहन ने पहले सोचा कि शायद वह छत पर खेल रहा होगा, लेकिन जब काफी देर तक उसका कुछ पता नहीं चला, तो वे पुलिस के पास गए. पुलिस के साथ आने पर घर का ताला तोड़ा गया. घर के अंदर एक ड्रम में बच्चे का शव मिला. आरोपी ने शव को ड्रम में डालकर ऊपर से कपड़े रख दिए थे ताकि किसी को शक न हो. बहन के अनुसार, आरोपी ने बच्चे का गला हंसिया (हासुली) से काट दिया था. मालूम हुआ कि आरोपी मथुरा रजक उनकी माँ से जबरन शादी करना चाहता था. मां द्वारा मना किए जाने पर उसने गुस्से में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया.
मौके पर एफएसएल (FSL) टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ साक्ष्य जुटाने में लगे हैं. पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है. तीन पुलिस टीमें संदिग्धों की धरपकड़ के लिए रवाना की गई हैं.पुलिस अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी मामला जांच के शुरुआती चरण में है. परिजनों के विस्तृत बयान और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रेम प्रसंग या अन्य किसी विवाद के संबंध में उन्होंने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार किया और कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
वेंकटेश द्विवेदी