मध्य प्रदेश के राजगढ़ खिलचीपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जनसमस्या निवारण शिविर में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब गांवों में जलापूर्ति नहीं होने के मुद्दे पर राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव जल निगम के अधिकारी यूके चौधरी पर भड़क गए. विधायक ने अधिकारी को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बाद भी एक भी गांव में नल चालू नहीं है और टंकी से लेकर पाइपलाइन तक का पूरा भुगतान ठेकेदार को हो चुका है, फिर गांवों में पानी क्यों नहीं पहुंच रहा.
विधायक ने अधिकारी से कहा, “तुमने पूरा जल निगम बर्बाद कर रखा है. एक भी गांव में नल चालू नहीं है. अपना मैनेजमेंट सुधारो, अपनी गलती सुधारो.” विधायक और अधिकारी के बीच तीखी बहस के दौरान एक ग्रामीण भी आक्रोशित हो गया. ग्रामीण ने कहा कि संबंधित लाइन में अगर एक बूंद भी पानी पहुंच रहा हो, तो वह इसके लिए कोई भी सजा भुगतने को तैयार है. इसके बाद शिविर में जल निगम की कार्यप्रणाली को लेकर माहौल और गरमा गया.
विधायक अमर सिंह यादव बोले, अपनी गलती स्वीकारो
विधायक अमर सिंह यादव ने अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कागजों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, टंकियां बन चुकी हैं और ठेकेदार को पूरा भुगतान भी हो चुका है, तो गांवों में पानी क्यों नहीं पहुंच रहा. उन्होंने जल निगम के जीएम यूके चौधरी को फटकारते हुए कहा, “मेरे सामने मेरा सरपंच गलत थोड़े ही बोल रहा है. झूठ बोलते हो, अपनी गलती स्वीकार करो.”
मामला बढ़ता देख कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया. विधायक ने कलेक्टर से तंज कसते हुए कहा कि जब जीएम का रवैया मंच पर जनप्रतिनिधियों के सामने ऐसा है, तो आम जनता के साथ कैसा व्यवहार होता होगा.
शिविर में विधायक हजारीलाल दांगी, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और एसपी अमित तोलानी ने बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों की शिकायतें सुनीं. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए.
कार्यक्रम में हुए ये काम
विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच की दूरियों को खत्म करना है. कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया. उद्यम क्रांति योजना के तहत रोहित सेन को 6 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ.
कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग की ओर से फूड बास्केट, स्कूली बच्चों को बैग और संबल योजना के तहत चार हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी गई. साथ ही कुछ नए पंजीयन भी किए गए. हालांकि शिविर में सबसे ज्यादा चर्चा गांवों में पानी नहीं पहुंचने को लेकर जल निगम के अधिकारी की विधायक द्वारा की गई जमकर फटकार की रही.
पंकज शर्मा