मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया. आरोप 55 वर्षीय अब्दुल रहमान पिता गनी मोहम्मद रहमान पर है. घटना सामने आते ही ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में आक्रोश भड़क उठा और आरोपी के घर को ढहाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गया.
नाबालिग ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. घटना से गुस्साए ग्रामीणों और संगठनों ने सड़क जाम कर नारेबाजी की और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के साथ उसके अवैध मकान को बुलडोजर से गिराने की मांग उठाई. हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के नीमच में महिला ने रिक्शे में दिया बच्चे को जन्म, लापरवाही पर कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
तनाव को देखते हुए पंचायत प्रशासन ने आरोपी के अवैध निर्माण पर नोटिस चस्पा किया और मकान के अवैध हिस्से को तोड़ने के लिए जेसीबी भी बुला ली गई. इस दौरान पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ आरोपी के घर को तुरंत तोड़ने की मांग पर अड़ी रही.
भीड़ का उग्र प्रदर्शन और आगजनी
स्थिति अचानक तब बिगड़ गई जब उत्तेजित भीड़ आरोपी के घर में घुस गई और तोड़फोड़ के बाद आगजनी कर दी. पुलिस ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया गया.
अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. हंगामा कर रहे 4 से 5 युवकों को मौके से हिरासत में लिया गया और करीब 10 वाहनों को जब्त किया गया. घटना के बाद पूरे गांव में माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
पुलिस और प्रशासन का बयान
एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया और वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को राउंडअप कर लिया गया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग विरोध कर रहे थे और समझाने के बावजूद आगजनी और तोड़फोड़ की घटना हुई, जिसके बाद हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया.
उन्होंने बताया कि वीडियो के आधार पर उपद्रवियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल गांव में जुलूस की अनुमति नहीं है और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है.
प्रशासन की अपील और मौजूदा स्थिति
एडीएम बी एल क्लेश ने बताया कि ग्रामीणों की मांग आरोपी की गिरफ्तारी और मकान तोड़ने की थी. उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मकान को लेकर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के अनुसार फिलहाल गांव में शांति है और स्थिति नियंत्रण में है.
अजय बाड़ोलिया