मध्य प्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 11 सीनियर अफसरों के तबादले किए हैं. इसमें कई विभागों के सचिव, विभागाध्यक्ष और संभाग आयुक्त स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. इस प्रशासनिक फेरबदल में चर्चित महिला अफसरों निधि निवेदिता और नेहा मारव्या सिंह के नाम भी शामिल हैं.
2011 बैच की IAS नेहा मारव्या सिंह को संचालक, आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं और मध्य प्रदेश रोजगार एवं प्रशिक्षण परिषद (MAPCET) के प्रबंध संचालक पद से हटा दिया गया है. अब उनके पास प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति वित्त और विकास निगम का दायित्व रहेगा.
2006 बैच के IAS अधिकारी अनिल सुचारी सागर संभाग के आयुक्त पद से हटाकर मध्य प्रदेश भंडार गृह निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है.
वहीं 2008 बैच के दिलीप कुमार को सागर संभाग के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वह वर्तमान में आयुक्त उद्योग, मध्य प्रदेश और प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम के पद पर हैं.
2009 बैच की IAS अधिकारी अनुभा श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश शासन के राजस्व विभाग का सचिव बनाया गया है. वह वर्तमान में प्रमुख राजस्व आयुक्त के साथ आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं.
इसी बैच के सतेन्द्र सिंह को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है. उन्हें अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के सचिव सहित कई अन्य जिम्मेदारियां भी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई हैं.
2011 बैच के अनुराग वर्मा को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है और उन्हें अपर सचिव, मध्य प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है.
मयंक अग्रवाल को VB-GRAMG की जिम्मेदारी
2013 बैच के मयंक अग्रवाल को विकसित भारत-रोजगार गारंटी आजीविका मिशन (ग्रामीण)-VB-GRAMG का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है. इसके साथ उन्हें मिशन संचालक, समग्र नर्मदा मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
इसी बैच के संदीप जीआर को महिला एवं बाल विकास विभाग में विकास आयुक्त-सह-आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. साथ ही उन्हें संबंधित मिशन और निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है.
2014 बैच के अवि प्रसाद को मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध संचालक बनाया गया है. इसके साथ उन्हें लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
2018 बैच की नेहा जैन को उज्जैन स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी यानी CEO बनाया गया है. इसके साथ उन्हें उज्जैन नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
इन अफसरों को भी मिला अतिरिक्त प्रभार
आदेश के दूसरे हिस्से में कई IAS अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं. 2004 बैच के रघुराज एम.आर. को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
2010 बैच के तरुण राठी को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाओं, MAPCET और आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
2012 बैच के कुमार पुरुषोत्तम को आयुक्त उद्योग और प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं 2014 बैच की शीतला पटले को श्रम आयुक्त, मध्य प्रदेश, इंदौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
इसके अलावा 2021 बैच की अनिशा श्रीवास्तव को वर्तमान दायित्वों के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्वालियर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के आदेशानुसार यह पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी.
aajtak.in