ग्वालियर-झांसी हाईवे पर डबरा सिटी थाना क्षेत्र के समूदन इलाके में तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पार कर बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार संदीप जाटव की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है जिसमें कार का बेकाबू होकर डिवाइडर लांघना और टक्कर मारना साफ दिखाई देता है.
टक्कर के बाद कार कई बार पलटते हुए करीब 15 फीट नीचे खेत में जा गिरी. हादसे के बाद कार से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे नशे की आशंका जताई जा रही है. कार में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.
टक्कर लगने से बाइक सवार की मौके पर मौत
मृतक संदीप जाटव अपने घर का इकलौता बेटा था. उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसका दो साल का बेटा है. इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
हाईवे पर समूदन क्षेत्र को ब्लैक स्पॉट माना जाता है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. पिछले दो महीनों में इस इलाके में 8 हादसों में 11 लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. ASP जयराज कुबेर ने घटना की पुष्टि की है और कार्रवाई की बात कही है.
सर्वेश पुरोहित