दतिया उपचुनाव: आखिर क्यों कटा नरोत्तम मिश्रा का टिकट, सामने आई 2 वजह

मध्यप्रदेश के दतिया उपचुनाव से पहले बीजेपी में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर सियासी हलचल तेज हो गई है. समर्थकों के विरोध के बाद पार्टी डैमेज कंट्रोल में जुटी है और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की. 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव भी नामांकन में शामिल हो सकते हैं. इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी में अंदरूनी कलह का आरोप लगाया है.

Advertisement
नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर सियासी हलचल तेज हो गई है. File Photo ITG नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर सियासी हलचल तेज हो गई है. File Photo ITG

aajtak.in

  • दतिया,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:49 PM IST

मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों के विरोध प्रदर्शन से पार्टी को डैमेज कंट्रोल करना पड़ा. रविवार को बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता दतिया पहुंचे और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवार आशीष (आशुतोष) तिवारी को जिताने की अपील की.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की केंद्रीय नेतृत्व स्तर पर हुई अंतिम समीक्षा और मिले नकारात्मक फीडबैक के बाद नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटने का फैसला लिया गया. हालांकि बीजेपी ने इन अटकलों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

30 जुलाई को होगा उपचुनाव
दतिया में उपचुनाव 30 जुलाई को होगा. यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की धोखाधड़ी के मामले में दोषसिद्धि के बाद सदस्यता समाप्त होने से खाली हुई है. मतगणना 3 अगस्त को होगी. कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है.

नामांकन में शामिल हो सकते हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव के सोमवार को आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होने की संभावना है. इससे पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि संगठन पूरी तरह एकजुट है. उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने दतिया में बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की और कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह के मतभेद भुलाकर चुनाव में जुटने को कहा.

Advertisement

12 घंटे तक लगा जाम 
टिकट घोषित होने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब 12 घंटे तक जाम लगाया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए. पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को हटाया और कई लोगों को हिरासत में लिया.

कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी की अंदरूनी कलह बताया है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नरोत्तम मिश्रा को राजनीतिक रूप से किनारे कर दिया है. वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी अब क्षेत्रीय दिग्गज नेताओं की जगह नए चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है.

इस बीच आशुतोष तिवारी ने दतिया के प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना कर चुनाव प्रचार की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जनता की सेवा का अवसर दिया है और वह वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »