'लठ मारकर वोट डलवाएंगे...', वायरल वीडियो से दतिया उपचुनाव में सियासी घमासान, भाजपा ने दी सफाई

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. वीडियो में एक युवक कथित तौर पर 'लठ मारकर वोट डलवाने' की बात करता सुनाई दे रहा है. इसके बाद मंत्री राकेश शुक्ला की प्रतिक्रिया को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है, जबकि भाजपा ने इसे कार्यकर्ता का अति उत्साह बताया है.

Advertisement
विपक्ष ने लोकतंत्र पर उठाए सवाल.(Photo: Screengrab) विपक्ष ने लोकतंत्र पर उठाए सवाल.(Photo: Screengrab)

अशोक शर्मा

  • दतिया,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:39 PM IST

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सियासी माहौल गरमा दिया है. वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर भाजपा के जनसंपर्क अभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के सामने यह कहते हुए सुनाई देता है कि "लठ से वोट डलवाएंगे, मारपीट करेंगे और पकड़-पकड़कर लोगों से वोट डलवाएंगे." वीडियो में मंत्री युवक की पीठ थपथपाते हुए और "अरे वाह" कहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement

चुनावी माहौल के बीच वायरल हुए इस वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा इस पूरे मामले में बचाव की मुद्रा में नजर आ रही है.

यह भी पढ़ें: दतिया में नरोत्तम मिश्रा का वीडियो वायरल, BJP कार्यकर्ताओं ने स्वागत करना चाहा तो बोले- माला वाला पीछे आ रहा है!

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दतिया जिले के बड़ौनी क्षेत्र का है. उस समय भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला जनसंपर्क अभियान चला रहे थे.

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर मंत्री राकेश शुक्ला से कहता सुनाई देता है कि "हम लठ से वोट डलवाएंगे, मारपीट करेंगे और पकड़-पकड़कर लोगों से वोट डलवाएंगे." इसी दौरान वीडियो में मंत्री कार्यकर्ता की पीठ थपथपाते हुए दिखाई देते हैं.

Advertisement

वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. चुनावी माहौल में इस वीडियो ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.

हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं.

देखें वीडियो...

कांग्रेस ने साधा निशाना

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है. कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए चुनाव आयोग से भी मामले का संज्ञान लेने की मांग की है.

पूर्व कांग्रेस मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि डर, दबाव और हिंसा की भाषा लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और जनता इसका जवाब मतदान के जरिए देगी.

कांग्रेस का कहना है कि यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बातें सही हैं तो यह चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.

भाजपा ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद भाजपा ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रामजी खरे ने कहा कि कभी-कभी कार्यकर्ता अति उत्साहित होकर इस तरह की बातें कह देते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी हमेशा संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से हाथ जोड़कर मतदान की अपील करती है.

Advertisement

भाजपा का कहना है कि पार्टी का आधिकारिक रुख पूरी तरह लोकतांत्रिक है और किसी भी प्रकार की हिंसा या दबाव की राजनीति का समर्थन नहीं किया जाता.

फिलहाल, दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है. एक ओर कांग्रेस इसे चुनावी मुद्दा बना रही है तो दूसरी ओर भाजपा इसे कार्यकर्ता के व्यक्तिगत बयान और अति उत्साह से जोड़कर देख रही है. इस बीच वीडियो को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »