मध्य प्रदेश के दतिया जिले के ग्राम बेरछा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान एक अजीब और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है. कथा में भिंड के एक प्रसिद्ध संत सीताराम महाराज मौजूद थे. इसी दौरान सेवड़ा से भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल वहां संत का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. विधायक ने संत को माला पहनाई और आशीर्वाद लेने के लिए झुक गए.
लेकिन इसी दौरान स्थिति अचानक बदल गई. आरोप है कि संत ने आशीर्वाद देने के बजाय विधायक को मुक्का मारा और उन्हें अपने पास से हटा दिया. इसके साथ ही उनके द्वारा पहनाई गई माला को भी फेंक दिया गया. इस पूरी घटना का वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बेरछा गांव में भागवत कथा के दौरान अनोखी घटना
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और पूरे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि संत सीताराम महाराज इसी तरह के व्यवहार के लिए जाने जाते हैं और उनके ऐसे वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं.
पहले भी संत के ऐसे व्यवहार को लेकर सामने आ चुके हैं वीडियो
वहीं इस घटना के वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
अशोक शर्मा