भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित काजी कैंप इलाके में एक युवक की थार गाड़ी रोककर उसके साथ मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि 10 से 12 बदमाशों ने युवक को घेर लिया, उससे 15 हजार रुपये की मांग की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, सिरोंज निवासी 24 वर्षीय अदनान खान अपनी रिश्तेदारी में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने कुछ दिन पहले भोपाल आया था. मंगलवार सुबह वह घूमने के लिए निकला था. जब वह वापस लौट रहा था, तभी काजी कैंप इलाके में सलीम चाय वाले की दुकान के पास उसकी थार गाड़ी को कुछ लोगों ने घेर लिया.
आरोप है कि अरशद बब्बा गिरोह से जुड़े सलमान रहमान उर्फ घोड़ा, राशिद और उनके 8 से 10 साथियों ने अदनान को रोक लिया. सबसे पहले उससे उसके एक रिश्तेदार के बारे में पूछताछ की गई. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि इलाके में महंगी गाड़ी लेकर घूमने के लिए पैसे देने पड़ते हैं.पीड़ित के अनुसार, जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की. इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. आरोप है कि कुछ बदमाशों ने चाकू भी निकाल लिए, जिससे वह घबरा गया.
10 से 12 बदमाशों ने रोकी गाड़ी, मांगे 15 हजार रुपये
जान बचाने के लिए अदनान ने अपनी थार आगे बढ़ा दी, लेकिन आरोपी पीछे नहीं हटे. बताया जा रहा है कि कुछ बदमाश गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए और अन्य आरोपी वाहनों से उसका पीछा करने लगे. करीब एक किलोमीटर तक पीछा किए जाने के बाद अदनान संभावना ट्रस्ट के पास पहुंचा, जहां उसने गाड़ी रोकी. इसी दौरान बोनट पर बैठा एक आरोपी नीचे गिर गया.
इसके बाद अदनान किसी तरह बाफना कॉलोनी स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. बाद में वह परिजनों के साथ हनुमानगंज थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. बताया जा रहा है कि जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके नाम इससे पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुके हैं.
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की
13 मई को खानू गांव के झंडा चौक पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर मोहम्मद यूसुफ खान पर हुए जानलेवा हमले में भी इसी गिरोह के कुछ सदस्यों के नाम सामने आए थे. फरारी के दौरान कोतवाली क्षेत्र में एक होटल संचालक पर चाकू और तलवार से हमले की घटना में भी इनका नाम चर्चा में रहा था. हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
धर्मेंद्र साहू